---Advertisement---

बुजुर्ग महिला से 20 ग्राम सोने की चेन ठगी, वसई-विरार पुलिस ने गुजरात से आरोपी को किया काबू |

---Advertisement---

वसई-विरार। बुजुर्ग महिलाओं को अपना निशाना बनाने वाले एक शातिर ठग को वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय की बोलिंज पुलिस ने गुजरात से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी गई सोने की चेन भी बरामद कर ली है। तृप्ति प्रमाण राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक को मिली जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में अपराध प्रकटीकरण शाखा की टीम ने अंजाम दी है।

बातचीत के बहाने वारदात को दिया अंजाम

पुलिस के अनुसार, 23 मई 2026 को विरार पश्चिम इलाके में एक बुजुर्ग महिला से दो अज्ञात लोगों ने बातचीत करने के बहाने संपर्क साधा। आरोपियों ने बुजुर्ग महिला को किसी बात का झांसा देकर उनके गले से लगभग 20 ग्राम वजनी सोने की चेन उतरवा ली और मौका पाते ही फरार हो गए। इस धोखाधड़ी की शिकायत पर बोलिंज पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया था।

तकनीकी जांच और CCTV फुटेज से खुला राज

वारदात के बाद बोलिंज पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू किया। जांच के दौरान एक आरोपी की पहचान गुजरात के अहमदाबाद निवासी बलवंतजी उर्फ रमेश नागरजी ठोकर (उम्र 56 साल) के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस की एक टीम ने गुजरात के गांधीनगर और अहमदाबाद क्षेत्र में छापेमारी की और 5 जून 2026 को मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।

गुजरात से गिरफ्तार, सोने की चेन बरामद

पुलिस ने जब आरोपी से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के पास से ठगी गई 20 ग्राम वजनी सोने की चेन पूरी तरह बरामद कर ली।

अन्य साथियों की तलाश जारी

पुलिस के अनुसार, फिलहाल आरोपी ने वारदात में शामिल अपने अन्य साथियों के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं दी है। पुलिस टीम अब फरार अन्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए अलग-अलग जगहों पर तलाश कर रही है। बोलिंज पुलिस थाने की अपराध प्रकटीकरण शाखा इस मामले में आगे की जांच में जुटी हुई है।

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh