नायगांव। मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर शादी का झांसा देकर दिव्यांग, विधवा, तलाकशुदा और असहाय महिलाओं को अपना निशाना बनाने वाले एक अंतरराज्यीय ठग को अपराध शाखा इकाई-1 ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर देशभर में कई महिलाओं से करोड़ों रुपये की ठगी करने का गंभीर आरोप है।
75 वर्षीय महिला की शिकायत पर दर्ज हुआ था मामला
पुलिस के अनुसार, नायगांव पुलिस थाने में 75 वर्षीय एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने खुद को ‘अजय अग्रवाल’ बताकर उनकी 45 वर्षीय बेटी से विवाह रचाया। शादी के बाद आरोपी ने विभिन्न बहानों से पीड़िता से करीब 82 लाख रुपये नकद लिए। इसके बाद उसे दिल्ली ले जाकर उसके 33 तोले सोने के आभूषण भी हड़प लिए और फरार हो गया। इस मामले में कुल 97 लाख रुपये की ठगी का आरोप है।
यूपी के ग्रेटर नोएडा से किया गया गिरफ्तार
जांच के दौरान अपराध शाखा को सूचना मिली कि आरोपी उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में छिपा हुआ है। पुलिस ने 24 मई 2026 को उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के समय आरोपी के पास से फर्जी नामों पर बने आधार कार्ड, तीन मोबाइल फोन और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
कई फर्जी नामों से जीतता था महिलाओं का विश्वास
पूछताछ में आरोपी की पहचान अनुजकुमार चंद्रप्रकाश त्रिवेदी के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, आरोपी अजय अग्रवाल, अजय संतोष सिंह और जयप्रकाश गुप्ता समेत कई फर्जी नामों का इस्तेमाल कर महिलाओं का विश्वास जीतता था। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने देश के विभिन्न राज्यों में 25 से अधिक महिलाओं को प्रेम और विवाह का झांसा देकर ठगा है।
ठगी की रकम से खरीदी थी BMW कार, बेटा भी बना सह-आरोपी
पुलिस ने बताया कि ठगी की रकम से आरोपी ने करीब 20 लाख रुपये की BMW X1 कार खरीदी थी, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। मामले में आरोपी के बेटे को भी सह-आरोपी बनाया गया है, जिस पर ठगी की रकम के लेन-देन में मदद करने का आरोप है। पुलिस ने महिलाओं से अपील की है कि मैट्रिमोनियल साइटों पर किसी से भी संबंध बनाने से पहले उसकी पहचान और पृष्ठभूमि की पूरी जांच अवश्य करें। मामले में आगे की जांच जारी है।