---Advertisement---

विरार: पानी की किल्लत से नाराज म्हाडा कॉलोनीवासियों का मनपा मुख्यालय पर मोर्चा, श्मशान भूमि आरक्षण हटाने की मांग

---Advertisement---

वसई-विरार। वसई-विरार महानगरपालिका क्षेत्र के विरार पश्चिम में स्थित बोळींज म्हाडा कॉलोनी में चल रहे जल संकट के खिलाफ बुधवार को हजारों नागरिकों ने मनपा मुख्यालय पर विशाल मोर्चा निकाला। कम दबाव से पानी आने और बार-बार सप्लाई बाधित होने से परेशान नागरिकों ने प्रशासन से तुरंत राहत देने की मांग की। तृप्ति प्रमाण राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक को मिली जानकारी के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने पानी की समस्या के साथ-साथ कॉलोनी के समीप प्रस्तावित श्मशान भूमि का आरक्षण हटाने की भी मांग की है।

कम दबाव और बार-बार बाधित हो रही पानी सप्लाई

बोळींज स्थित इस म्हाडा कॉलोनी में करीब 9,500 आवास हैं, जिनमें से लगभग 8,300 घरों में लोग रहते हैं। नागरिकों का आरोप है कि महानगरपालिका पानी की सप्लाई तो कर रही है, लेकिन दबाव इतना कम होता है कि पानी घरों तक ठीक से नहीं पहुंच पाता। म्हाडा संकुल समिति के उपाध्यक्ष कृष्णा देवाडीगा ने बताया कि रात करीब साढ़े बारह बजे पानी आता है, लेकिन कुछ ही मिनटों में दबाव कम हो जाता है। इसके अलावा बिजली गुल या तकनीकी खराबी का हवाला देकर अक्सर पानी सप्लाई बंद कर दी जाती है।

मनपा मुख्यालय पर निकाला विशाल मोर्चा

लंबे समय से शिकायतें करने के बावजूद जब समस्या का समाधान नहीं निकला, तो नाराज नागरिकों ने बुधवार को मनपा मुख्यालय के बाहर मोर्चा निकाला। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी शामिल हुए और प्रशासन से जल्द समस्या सुलझाने की मांग की।

महापौर और अधिकारियों के साथ हुई चर्चा

मोर्चे के बाद नागरिकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने महापौर अजीव पाटील और मनपा के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में नागरिकों ने अपनी समस्याएं विस्तार से रखीं। नागरिकों के अनुसार, यह बैठक सकारात्मक रही और प्रशासन ने जल्द ही समस्या का समाधान निकालने का आश्वासन दिया है।

श्मशान भूमि आरक्षण हटाने की मांग

पानी की समस्या के अलावा प्रदर्शनकारियों ने कॉलोनी के पास प्रस्तावित श्मशान भूमि के आरक्षण को हटाने की भी मांग की। उनका कहना है कि घनी आबादी वाले इलाके में श्मशान भूमि बनना नागरिकों के लिए परेशानी का कारण बनेगा। नागरिकों ने मांग की कि श्मशान भूमि के लिए किसी अन्य उपयुक्त जगह का चयन किया जाए। प्रशासन की ओर से सभी मांगों पर विचार कर जल्द कार्रवाई करने का भरोसा दिया गया है।

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh