तृप्ति प्रमाण न्यूज़, भायंदर:
मुंबई के भायंदर इलाके में नवघर पुलिस ने मानव तस्करी और शोषण के एक रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी दंपति समेत कुल 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई है।
शिकायत के बाद शुरू हुई जांच
जानकारी के अनुसार, होली के दिन भायंदर पूर्व में रहने वाले एक व्यक्ति ने नवघर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी आश्रित युवती लापता हो गई है। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और कुछ ही समय में पीड़िता को भायंदर क्षेत्र से बरामद कर लिया।
रिश्तेदारों ने पैसे के लिए बेचा था
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि पीड़िता के रिश्तेदारों ने आर्थिक लाभ के लिए उसे हरियाणा से भायंदर लाकर अलग-अलग लोगों के हाथों बेच दिया। इसके बाद आरोपियों ने पीड़िता का शोषण किया।
कड़ी धाराओं में दर्ज हुआ मामला
पीड़िता के बयान और जांच में आरोप सही पाए जाने पर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्रवाई की। नवघर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं, पॉक्सो (POCSO) एक्ट 2012 और पीटा (PITA) एक्ट 1956 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी संजय गुप्ता और उसकी पत्नी सहित आठों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।