पटना: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान आज करोड़ों देशवासियों की भागीदारी से एक विराट जनआंदोलन का स्वरूप ले चुका है। प्रधानमंत्री मोदी की राष्ट्रसेवा के 12 वर्ष पूर्ण होने एवं सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री का ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित करने के उपलक्ष्य में, आज फुलवारी शरीफ ब्लॉक के समीप वार्ड नंबर 7 की पार्षद मीना देवी के नेतृत्व में एक भव्य पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और क्षेत्र में हरियाली को बढ़ावा देना था।
शीला पंडित ने किया कार्यक्रम का शुभारंभ
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में बिहार विधान परिषद की नवनिर्वाचित सदस्य शीला पंडित उपस्थित रहीं। उन्होंने ब्लॉक परिसर के समीप पौधा लगाकर अभियान की विधिवत शुरुआत की। उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए शीला पंडित ने भावुक अपील करते हुए कहा कि पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने के लिए हम सभी अपनी माँ के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं। उन्होंने कहा कि यह कदम आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वच्छ, स्वस्थ और हरित भारत के निर्माण में अहम योगदान साबित होगा। साथ ही, उन्होंने वार्ड पार्षद मीना देवी के इस सराहनीय प्रयास की खुले दिल से तारीफ की और कहा कि सामाजिक विकास के साथ-साथ पर्यावरण की रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
पौधारोपण अब फैशन नहीं, बल्कि जरूरत: सुरेंद्र प्रजापति
कार्यक्रम में सर्व जन कल्याण समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र प्रजापति ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि आज के दौर में बढ़ते ग्लोबल वार्मिंग और प्रदूषण को देखते हुए पौधारोपण अब महज एक फैशन नहीं रह गया है, बल्कि यह हमारी मजबूरी और सबसे बड़ी जरूरत बन चुका है। उन्होंने लोगों से अपील की कि हर व्यक्ति को अपने जीवन के विशेष अवसरों जैसे जन्मदिन, शादी की वर्षगांठ या किसी भी शुभ कार्य पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए।
आयोजनकर्ताओं ने जताई आगे भी अभियान जारी रखने की प्रतिबद्धता
आयोजनकर्ता और वार्ड पार्षद पति भीम पंडित ने मुख्य अतिथि और उपस्थित सभी लोगों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र को हरा-भरा और प्रदूषण मुक्त बनाना उनकी प्राथमिकता है और इस पुनीत अभियान को भविष्य में भी लगातार जारी रखा जाएगा।
कार्यक्रम में शामिल रहे ये प्रमुख लोग
इस सफल आयोजन में सामाजिक कार्यकर्ता गंगासागर, डॉ. कमलेश, डॉ. अरुण, डॉ. संजय, संतोष, दीनबंधु, अशोक कुमार, सतीश पासवान, लालबाबू, श्रीकांत, विवेक रजक, रामप्रवेश, शिवकुमार, रामप्रसाद, बेबी, रामबालक, रातलाल सहित कई गणमान्य व्यक्ति और भारी संख्या में क्षेत्र के नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण को स्वच्छ रखने के लिए बढ़-चढ़कर भाग लेने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।