विरार (तृप्ति प्रमाण): विरार पश्चिम के बोलिंज क्षेत्र में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मृतक की पहचान दाजी मुरलीधर दळवी के रूप में हुई है। घटना के बाद बोलिंज पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु (ए.डी.आर) का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बेटे ने पुलिस को दी सूचना
जानकारी के अनुसार, यह घटना विरार पश्चिम के पद्मावती नगर स्थित एक आवासीय परिसर में घटी। मृतक दाजी दळवी अपने पुत्र प्रथ्मेश दळवी (36) के साथ रहते थे। प्रथ्मेश ने पुलिस को बताया कि आज सुबह जब उन्होंने घर में प्रवेश किया, तो उनके पिता लाल रंग के कपड़े और लोहे की रॉड की मदद से बनाए गए फंदे पर लटके हुए मिले।
इसके बाद बेटे ने तुरंत उन्हें विरार ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही बोलिंज पुलिस थाने की टीम मौके पर पहुँची और पंचनामा किया। पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण फांसी लगना बताया जा रहा है, लेकिन मौत के पीछे के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतज़ार
बोलिंज पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु (ADR) का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। मामले की आगे की जांच बोलिंज पुलिस थाने के अधिकारी कर रहे हैं।