---Advertisement---

विरार: मूसलाधार बारिश से पापडखिंड बांध ओवरफ्लो, महापौर ने किया निरीक्षण; बुलेट ट्रेन प्रशासन की मनमानी पर जताई नाराजगी |

---Advertisement---

विरार: लगातार तीन दिनों से हो रही भारी बारिश के चलते विरार स्थित पापडखिंड बांध पूरी तरह भर गया है और पानी ओवरफ्लो होने लगा है। इस गंभीर स्थिति का जायजा लेने के लिए वसई-विरार महानगरपालिका के महापौर अजीव पाटिल ने रविवार यानी 5 जुलाई की सुबह बांध स्थल का दौरा किया।

अधिकारियों के साथ स्थिति का लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान महानगरपालिका आयुक्त पृथ्वीराज बी. पी., सार्वजनिक निर्माण विभाग के शहर अभियंता प्रदीप पांचगे और जलापूर्ति विभाग के कार्यकारी अभियंता सुरेंद्र ठाकरे मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने बांध की मौजूदा क्षमता और सुरक्षा प्रबंधों की जानकारी ली।
मौसम विभाग द्वारा आने वाले कुछ घंटों में फिर से भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए, बांध से अतिरिक्त पानी छोड़े जाने की स्थिति और उससे उत्पन्न होने वाले खतरों से निपटने के लिए आवश्यक कदमों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बुलेट ट्रेन प्रशासन की मनमानी आई सामने

बांध के निरीक्षण के दौरान एक गंभीर प्रशासनिक अनियमितता भी उजागर हुई। जानकारी के अनुसार, बुलेट ट्रेन परियोजना के अधिकारियों ने वसई-विरार महानगरपालिका की पूर्व अनुमति के बिना पापडखिंड बांध के एक स्पिलवे (Spillway) पर सड़क का निर्माण कर दिया है।

जोखिमपूर्ण निर्माण पर होगी कार्रवाई

महापौर अजीव पाटिल ने अधिकारियों के साथ इस विवादित सड़क का भी मौके पर निरीक्षण किया। उन्होंने इस निर्माण को अत्यंत गंभीर और जोखिम भरा करार दिया। महापौर ने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति के बांध के संवेदनशील हिस्से में इस तरह का निर्माण किसी भी बड़े हादसे को न्योता दे सकता है। उन्होंने इस मामले में आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

(तृप्ति प्रमाण न्यूज़ डेस्क)

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh