पालघर: जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से 1 जुलाई 2026 को वाणगांव, तहसील डहाणू स्थित ठाकूर सभागृह में एक महत्वपूर्ण SIR (BLA-2) प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण, नए मतदाताओं के पंजीकरण और आगामी चुनावों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा करना था। कार्यक्रम में बूथ स्तर पर पार्टी के संगठन को और अधिक सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
नेताओं की रही भारी उपस्थिति
शिविर की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष कैप्टन सत्यम ठाकूर ने की। इस मौके पर यूपीसीसी सचिव अनिल सिंह, SIR समिति के कोंकण विभागाध्यक्ष मनीष गणोरे, प्रदेश सचिव योगेश नम और अन्य प्रमुख नेता मौजूद रहे। डहाणू, मोखाडा और विक्रमगढ़ तालुका के अध्यक्षों सहित जिले भर से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, बूथ एजेंटों और पदाधिकारियों ने इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
मतदाता सूची और बूथ प्रबंधन पर प्रशिक्षण
प्रशिक्षण सत्र के दौरान BLA-2 (बूथ लेवल एजेंट) की भूमिका और जिम्दारियों को विस्तार से समझाया गया। वक्ताओं ने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल कराने की आवश्यकता पर बल दिया। इसके अलावा मतदाता सत्यापन प्रक्रिया और बूथ स्तर पर प्रबंधन को लेकर कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
‘मजबूत बूथ, मजबूत लोकतंत्र’ का संकल्प
कार्यक्रम के समापन पर सभी कार्यकर्ताओं ने “मजबूत बूथ, मजबूत संगठन, मजबूत लोकतंत्र” के संकल्प को दोहराया। आयोजकों ने इसे जमीनी स्तर पर पार्टी को सशक्त करने की दिशा में एक अहम कदम बताया। सभी प्रतिनिधियों ने आगामी चुनावी चुनौतियों का सामना करने के लिए पूरी सक्रियता और एकजुटता के साथ काम करने का संकल्प लिया।