---Advertisement---

जौनपुर में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन, जिलाधिकारी ने सुनीं जनसमस्याएं; 87 में 7 मामलों का मौके पर |

---Advertisement---

जौनपुर, 6 जुलाई: जौनपुर के कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में सोमवार को जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने आमजन की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।

87 शिकायतें प्राप्त, 7 का मौके पर निस्तारण

सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 87 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 7 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जिलाधिकारी ने बताया कि अधिकांश शिकायतें भूमि विवादों से संबंधित होती हैं, इसलिए ऐसे मामलों का निस्तारण निचले स्तर पर ही सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने पुलिस एवं राजस्व विभाग को संयुक्त रूप से मौके पर जाकर गुणवत्तापूर्ण समाधान कराने के निर्देश दिए।

प्रमुख मामलों पर हुई कार्रवाई

बैठक के दौरान कई प्रमुख मामलों पर चर्चा हुई और संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए:
ग्राम मई निवासी शिवशंकर गोसाई ने तालाब एवं चकमार्ग की भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी ने कानूनगो एवं लेखपाल को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जमैथा निवासी छोटेलाल की चक सीमांकन संबंधी शिकायत पर एसीओ चकबंदी को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
ग्राम कादीपुर निवासी हरिश्चन्द्र द्वारा रास्ता अवरुद्ध किए जाने की शिकायत पर थाना प्रभारी जफराबाद एवं राजस्व निरीक्षक को संयुक्त निरीक्षण कर नियमानुसार निस्तारण करने को कहा गया।

पौधरोपण अभियान और मानसून तैयारियों की समीक्षा

बैठक में आगामी वृहद पौधरोपण अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने पौधों के उठान, भूमि चिन्हांकन, गड्ढा खुदाई एवं जियो टैगिंग का कार्य समय से पूरा करने के निर्देश दिए। मानसून को देखते हुए जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने, विद्यालय परिसरों में जलभराव रोकने तथा संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर भी जोर दिया गया।

अन्य प्रमुख निर्देश

जिलाधिकारी ने कई अन्य महत्वपूर्ण निर्देश भी दिए:
गो-संरक्षण केंद्रों में चारे की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
सर्पदंश से बचाव के लिए जनजागरूकता अभियान चलाया जाए।
शौचालयों के उपयोग को बढ़ावा दिया जाए।
आकाशीय बिजली से प्रभावित लोगों को 24 घंटे के भीतर राहत उपलब्ध कराई जाए।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम, क्षेत्राधिकारी गोल्डी गुप्ता, जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी देवी, उप जिलाधिकारी सदर योगिता सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

(संवाददाता: दिलीप कुमार, जौनपुर)

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh