---Advertisement---

एक्शन में स्नेहा पांडे: मीरा-भायंदर के सभी स्कूलों का होगा गहन सुरक्षा ऑडिट, लापरवाही पर कसेगा शिकंजा |

---Advertisement---

मीरा-भायंदर संवाददाता | तृप्ति प्रमाण

मीरा-भायंदर। मीरा Road स्थित एन.एल. डालमिया स्कूल में हाल ही में हुई भीषण आग की दुर्घटना को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। मीरा-भायंदर महानगरपालिका (MBMC) की शिक्षा समिति की सभापति स्नेहा शैलेश पांडे ने क्षेत्र के सभी सरकारी (मनपा) और निजी स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक जांच के कड़े निर्देश दिए हैं। इस संबंध में उन्होंने मनपा के शिक्षा विभाग को एक आधिकारिक पत्र जारी कर तत्काल कार्रवाई करने को कहा है।

इन चार प्रमुख बिंदुओं पर होगी जांच

बच्चों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की कोताही न बरतने के उद्देश्य से सभापति ने स्कूलों के लिए चार स्तरीय ऑडिट कराने का आदेश दिया है:

  • स्ट्रक्चरल ऑडिट: (इमारत की मजबूती की जांच)
  • फायर ऑडिट: (अग्निशमन उपकरणों और सुरक्षा व्यवस्था की जांच)
  • इलेक्ट्रिकल ऑडिट: (बिजली के तारों और उपकरणों की सुरक्षा)
  • लिफ्ट ऑडिट: (स्कूलों में लगी लिफ्ट की तकनीकी स्थिति)

सभापति स्नेहा पांडे ने स्पष्ट किया कि भविष्य में डालमिया स्कूल जैसी किसी भी अनहोनी या दुर्घटना की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए यह सुरक्षा ऑडिट बेहद अनिवार्य है।

स्कूल बसों पर भी रहेगी पैनी नजर

शिक्षा समिति की ओर से जारी निर्देशों में कहा गया है कि शिक्षा विभाग राइट टू एजुकेशन (RTE) एक्ट के तहत तय किए गए सभी सुरक्षा मानकों का सख्ती से मूल्यांकन करे। इसके साथ ही विद्यार्थियों को लाने-ले जाने वाली स्कूल बसों और अन्य परिवहन साधनों के नियमों की भी गहन जांच की जाए, ताकि बच्चों के सफर को पूरी तरह सुरक्षित बनाया जा सके।

प्राचार्यों की बुलाई जाएगी बैठक

सभापति ने शिक्षा विभाग को निर्देशित किया है कि वे तुरंत क्षेत्र के सभी स्कूलों के प्रधानाचार्यों (प्रिंसिपल्स) की एक आपात बैठक बुलाएं। इस बैठक में सभी को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी जाए। इसके साथ ही स्कूलों में की गई इस पूरी कार्रवाई की एक विस्तृत प्रोग्रेस रिपोर्ट जल्द से जल्द समिति के समक्ष प्रस्तुत करने के आदेश दिए गए हैं। शिक्षा समिति का साफ कहना है कि छात्रों की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इससे किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा।

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh