मुंबई (ब्यूरो रिपोर्ट: तृप्ति प्रमाण):
मुंबई लोकल ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों की सुरक्षा को लेकर रेलवे पुलिस ने एक बार फिर मुस्तैदी दिखाई है। सोशल मीडिया पर यात्री के साथ मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई करते हुए RPF और GRP की संयुक्त टीम ने दो किन्नरों को गिरफ्तार कर लिया है।
CCTV की मदद से दादर स्टेशन से धर दबोचा
घटना का वीडियो सामने आते ही रेलवे पुलिस ने जांच तेज कर दी थी। सीसीटीवी कैमरों की मदद से संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी गई। आखिरकार दादर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 12 से दोनों आरोपियों को पुलिस ने अपनी कस्टडी में ले लिया।
पैसे मांगने को लेकर हुआ था विवाद
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि बांद्रा और माहिम रेलवे स्टेशन के बीच ट्रेन में पैसे मांगने के दौरान एक यात्री के साथ उनकी बहस हो गई थी। बहस बढ़ने पर उन्होंने यात्री के साथ हाथापाई कर दी।
BNS की धाराओं में मामला दर्ज
मामला GRP मुंबई सेंट्रल के कार्यक्षेत्र का होने के कारण आरोपियों को उन्हें सौंप दिया गया है। पुलिस ने नए कानून ‘भारतीय न्याय संहिता’ (BNS) की धारा 115(2) के तहत केस दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस की पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपने कृत्य पर माफी भी मांगी है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को आश्वस्त किया है कि ट्रेन में उपद्रव करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।