मीरा-भाईंदर: मीरा-भाईंदर महानगरपालिका (MBMC) के अंतर्गत आने वाले सरकारी स्कूलों में शैक्षणिक सुधार और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रशासन ने सक्रियता बढ़ा दी है। इसी कड़ी में सोमवार को मनपा की शिक्षा सभापति स्नेहा शैलेश पांडे ने भाईंदर (पश्चिम) स्थित सेकेंडरी स्कूल परिसर में संचालित स्कूल नंबर 18 और स्कूल नंबर 30 (हिंदी माध्यम) का अचानक दौरा कर औचक निरीक्षण किया।
विद्यार्थियों और शिक्षकों से सीधे संवाद, जानीं बुनियादी समस्याएं
निरीक्षण के दौरान शिक्षा सभापति ने कक्षाओं का जायजा लिया और विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की धरातली स्थिति को परखा। इसके साथ ही उन्होंने शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों से मुलाकात कर स्कूल के दैनिक कामकाज, संसाधनों की स्थिति और उन्हें आ रही व्यावहारिक चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की।
मनपा स्कूलों को आधुनिक और सुविधाजनक बनाने का संकल्प
शिक्षकों और छात्रों को संबोधित करते हुए स्नेहा पांडे ने आश्वस्त किया कि मनपा प्रशासन स्कूलों की सभी प्रमुख समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा:
“हमारा मुख्य उद्देश्य महानगरपालिका के सभी स्कूलों को आधुनिक, सर्वसुविधायुक्त और तकनीक-फ्रेंडली बनाना है। हर बच्चे को बेहतर माहौल में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले, यही हमारी प्राथमिकता है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए मनपा प्रशासन के साथ मिलकर लगातार ठोस कदम उठाए जाएंगे।”