तृप्ति प्रमाण ब्यूरो, ठाणे:
महाराष्ट्र के ठाणे शहर में एक लॉज के भीतर 23 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने सनसनी फैला दी है। जांभली नाका स्थित ‘होटल महाराजा लॉज’ में हुई इस घटना के सामने आने के बाद ठाणे नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या का आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है।
भांडुप की रहने वाली थी मृतका संध्या
पुलिस के अनुसार, यह वारदात 21 जुलाई की दोपहर लगभग 3:20 बजे से रात 10:50 बजे के बीच घटित हुई। मृतका की पहचान संध्या राजेश म्हस्के (23 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मुंबई के भांडुप पूर्व की निवासी थी। लॉज के कमरे में युवती की लाश मिलने के बाद स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई।
डोंबिवली के युवक पर हत्या का केस दर्ज
मामले की शुरुआती पड़ताल के बाद ठाणे नगर पुलिस ने डोंबिवली पश्चिम के अन्ना नगर निवासी नंदकिशोर संजय गाडेकर (27 वर्ष) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है।
सीसीटीवी और फोरेंसिक टीम में जुटी पुलिस
वारदात के कारणों का खुलासा करने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें जांच में जुटी हैं। होटल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना के वक्त कौन-कौन कमरे में आया-गया था। साथ ही फोरेंसिक साक्ष्यों की मदद से मौत के सटीक कारणों और आरोपी की भूमिका की जांच की जा रही है।