जौनपुर: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में एक फर्जी दरोगा द्वारा धोखाधड़ी कर लाखों रुपये ठगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को पुलिस उपनिरीक्षक (SI) बताकर एक चोखा-बाटी विक्रेता को जमीन दिलाने के नाम पर करीब 5.62 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित की शिकायत पर क्षेत्राधिकारी नगर (IPS) गोल्डी गुप्ता के निर्देश के बाद कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खाकी का रौब दिखाकर झांसे में लिया
जानकारी के अनुसार, बलुआघाट निवासी अरविंद कुमार निषाद कोतवाली चौराहे पर चोखा-बाटी का ठेला लगाते हैं। आरोपी शुभम श्रीवास्तव (निवासी कादनपुर, मछलीशहर) अपने साथियों के साथ अक्सर उनकी दुकान पर आता-जाता था, जिससे दोनों में जान-पहचान हो गई। शुभम ने अरविंद को बताया कि वह पुलिस में दरोगा है और पैर में चोट लगने के कारण मेडिकल लीव पर चल रहा है। उसने खाली समय में प्रॉपर्टी डीलिंग का काम शुरू करने की बात कहकर अरविंद को एक जमीन दिखाई।
पैसे ऐंठकर हुआ फरार, मांगने पर दी जान से मारने की धमकी
सौदा तय होने पर पीड़ित अरविंद ने ऑनलाइन और नकद मिलाकर कुल 5 लाख 62 हजार रुपये शुभम को दे दिए। लेकिन जब रजिस्ट्री (बैनामा) कराने का वक्त आया, तो फर्जी दरोगा अपने साथियों संग गायब हो गया।
घटना का खुलासा तब हुआ जब 1 अप्रैल को अरविंद ने आरोपी शुभम को उसके परिवार और साथी अमित कुमार सोनकर के साथ ई-रिक्शा में जाते देखा। जब पीड़ित ने अपने पैसे मांगे, तो आरोपियों ने उसकी पिटाई कर दी और जान से मारने की धमकी दी।
IPS गोल्डी गुप्ता के पास पहुंचा पीड़ित, दर्ज हुआ मुकदमा
घटना के बाद से पीड़ित थाने के चक्कर काट रहा था। अंततः उसने क्षेत्राधिकारी नगर IPS गोल्डी गुप्ता से मुलाकात कर अपनी आपबीती सुनाई और आरोपी के दरोगा की वर्दी वाली तस्वीरें दिखाईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए IPS गोल्डी गुप्ता ने तत्काल कोतवाली पुलिस को मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई और विवेचना के निर्देश दिए।
तृप्ति प्रमाण
ब्यूरो चीफ: दिलीप कुमार (जौनपुर)