---Advertisement---

मुरादाबाद पुलिस का गैंगस्टर पर चाबुक: हत्या के आरोपी की 1 करोड़ से अधिक की संपत्ति कुर्क, हड़कंप |

---Advertisement---

मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश में माफियाओं और संगठित अपराध के खिलाफ जारी जीरो टॉलरेंस नीति के तहत मुरादाबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। थाना छजलैट पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के आरोपी अनिल कुमार द्वारा जघन्य अपराधों के जरिए कमाई गई 1 करोड़ 5 लाख 94 हजार रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति को कुर्क (जब्त) कर लिया है।

संगठित गिरोह बनाकर हत्या जैसे जघन्य अपराध

जानकारी के मुताबिक, छजलैट के ग्राम कुचावली निवासी अनिल कुमार (पुत्र शिवकुमार) के खिलाफ 28 मार्च को गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस की विवेचना में खुलासा हुआ कि आरोपी ने संगठित गिरोह बनाकर हत्या जैसे संगीन अपराधों को अंजाम दिया और उसी से अवैध संपत्ति खड़ी की। आरोपी के खिलाफ जनपद के विभिन्न थानों में कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।

चंगेरी गांव में हुई कुर्की, जानिए जब्त संपत्तियों का ब्योरा

जिलाधिकारी मुरादाबाद के आदेश पर पुलिस और प्रशासनिक टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए ग्राम चंगेरी (थाना छजलैट) स्थित निम्नलिखित अचल संपत्तियों को जब्त किया:

  • कृषि भूमि (गाटा संख्या 476 व 478): रकबा 0.941567 हेक्टेयर — अनुमानित कीमत ₹84,74,103
  • भूखंड (गाटा संख्या 476): 320 वर्ग मीटर — अनुमानित कीमत ₹18,88,000
  • कृषि भूमि (गाटा संख्या 477): रकबा 0.0664 हेक्टेयर — अनुमानित कीमत ₹2,32,400

कुल मिलाकर ₹1,05,94,503 मूल्य की जमीन और संपत्ति को सरकारी नियंत्रण में ले लिया गया है।

भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हुई कार्रवाई

एसएसपी सतपाल अंतिल और एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह के निर्देशन में यह कार्रवाई अंजाम दी गई। मौके पर एसडीएम कांठ स्निग्धा चतुर्वेदी, सीओ कांठ सुनीता दहिया, थाना प्रभारी कांठ सुदेशपाल सिंह और थानाध्यक्ष छजलैट रमेश सहरावत भारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि अवैध कमाई से संपत्ति बनाने वाले अपराधियों की आर्थिक रीढ़ पूरी तरह तोड़ दी जाएगी।

तृप्ति प्रमाण

संवाददाता: अंकित पाल (मुरादाबाद)

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh