मुंबई। टीवी के बहुचर्चित और लोकप्रिय धारावाहिक ‘अनुपमा’ के सेट पर उस समय खुशियों की लहर दौड़ गई, जब शो में नन्ही ‘आध्या’ का किरदार निभाने वाली बाल कलाकार का जन्मदिन बेहद धूमधाम से मनाया गया। इस खास मौके को यादगार बनाने के लिए निर्माता दीपा शाही और राजन शाही की पूरी टीम के साथ-साथ धारावाहिक की स्टारकास्ट एक जुट हुई।
रूपाली गांगुली ने नन्ही कलाकार संग काटा केक धारावाहिक में मुख्य भूमिका निभा रहीं मशहूर अभिनेत्री रूपाली गांगुली (अनुपमा) ने पारंपरिक हरे रंग की साड़ी में इस सेलिब्रेशन में शिरकत की। उन्होंने नन्ही कलाकार के साथ केक काटा और उसे ढेर सारा प्यार व शुभकामनाएं दीं। इस दौरान सेट पर मौजूद अन्य कलाकारों, बाल कलाकारों और पूरी क्रू टीम ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ खुशियां बांटीं।
डॉल थीम केक और उपहारों से खिली नन्ही आध्या की मुस्कान जन्मदिन के जश्न को खास बनाने के लिए दो खूबसूरत केक मंगवाए गए थे, जिनमें से ‘डॉल थीम’ वाला केक सभी के आकर्षण का केंद्र रहा। टीम के सदस्यों ने नन्ही कलाकार को फूलों का गुलदस्ता और ढेरों प्यारे उपहार भेंट किए, जिससे उसकी खुशी दोगुनी हो गई।
पर्दे के साथ-साथ असल जिंदगी में भी दिखा पारिवारिक स्नेह पूरे आयोजन के दौरान सेट पर पारिवारिक माहौल, हंसी-ठहाके और अपनों जैसा प्यार देखने को मिला। इस सेलिब्रेशन ने साबित कर दिया कि टीवी पर एक मजबूत और भावुक परिवार की कहानी दिखाने वाली ‘अनुपमा’ की टीम असल जिंदगी में भी एक-दूसरे से बेहद गहरा और अटूट रिश्ता साझा करती है। जश्न के बाद सभी ने यादगार तस्वीरें खिंचवाईं और फिर से शूटिंग में व्यस्त हो गए।
रिपोर्ट: साहिल यादव (तृप्ति प्रमाण – राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक)