ब्यूरो चीफ: राजेश कोरी (तृप्ति प्रमाण)
स्थान: वसई-विरार / नालासोपारा
नालासोपारा: वसई-विरार शहर के नालासोपारा पूर्व स्थित जिजाई नगर इलाके में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता की धज्जियां उड़ने का मामला सामने आया है। एक स्थानीय बेकरी से खरीदे गए जन्मदिन के केक में मरी हुई छिपकली निकलने से 11 लोगों की तबीयत खराब हो गई, जिन्हें आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
जन्मदिन की खुशियां मातम में बदलीं
घटना 15 अगस्त की शाम 5 बजे नीलकंठेश्वर इमारत की दूसरी मंजिल पर घटी, जहां एक 25 वर्षीय युवती के जन्मदिन का जश्न मनाया जा रहा था। परिजनों ने स्थानीय ‘चामुंडा’ नामक दुकान से केक खरीदा था। केक खाने के दौरान जब उसमें मरी हुई छिपकली मिली, तो परिजनों के उड़ गए। केक खाते ही लोगों को उल्टी और सीने में दर्द की शिकायत होने लगी।
2.5 साल का मासूम भी भर्ती, स्थिति नियंत्रण में
रात करीब 8 बजे सभी 11 प्रभावितों को पासी स्थित विजय लक्ष्मी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल संचालिका डॉ. विद्या सावंत के मुताबिक, भर्ती मरीजों में 2.5 वर्ष के बच्चे से लेकर 40 वर्ष तक के वयस्क शामिल हैं। समय पर प्राथमिक इलाज मिलने के कारण सभी की स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है।
महापौर ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल, जांच के आदेश
मामले की गंभीरता को देखते हुए वसई-विरार महानगरपालिका के महापौर अजीव पाटिल ने अस्पताल पहुंचकर पीड़ितों से मुलाकात की और डॉक्टरों को उचित इलाज के निर्देश दिए। प्रशासन ने बेकरी की जांच और केक के सैंपल लैब भेजने के आदेश दे दिए हैं। महापौर ने आश्वस्त किया कि रिपोर्ट आने के बाद दोषी बेकरी संचालक पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।