‘पुलिस दीदी’ (अभया ब्रिगेड) को मिले 4,700 वाहन
रक्षाबंधन के पावन पर्व पर बिहार सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण पहलों का शुभारंभ किया। राजधानी पटना में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ‘पुलिस दीदी’ (अभया ब्रिगेड) के सुगम संचालन हेतु 4,700 स्कूटर एवं मोटरसाइकिलों का लोकार्पण कर उन्हें हरी झंडी दिखाई। इस पहल का मुख्य उद्देश्य स्कूल और कॉलेजों में पढ़ने वाली छात्राओं को सुरक्षित माहौल प्रदान करना है।
PhD छात्राओं को ₹10,000 प्रतिमाह फेलोशिप
उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘मुख्यमंत्री बालिका पीएचडी फेलोशिप’ का भी औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस योजना के तहत शोध कर रहीं लगभग 1,000 मेधावी छात्राओं को 4 वर्षों की अवधि तक प्रति माह ₹10,000 की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके अतिरिक्त महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के लिए ‘बिहार की बेटी स्टार्टअप चैलेंज योजना’ की शुरुआत की गई, जिसके अंतर्गत ₹50,000 से ₹2 लाख तक का फंड उपलब्ध कराया जाएगा।
‘बहनों का सम्मान, सरकार की पहचान’
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की प्रगति ही वास्तव में बिहार की प्रगति है। बेटियों की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, मंत्री मिथिलेश तिवारी सहित कई प्रमुख जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
(रिपोर्ट: विनोद प्रसाद, ब्यूरो चीफ – तृप्ति प्रमाण)