कोठवार बाजार में मची अफरा-तफरी
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के सिद्धीकपुर-जमुहाई मार्ग पर गुरुवार शाम कोठवार बाजार में एक भीषण सड़क हादसा घटित हुआ। एक अनियंत्रित तेज रफ्तार कार ने सड़क के किनारे खड़ी छह मोटरसाइकिलों को एक साथ जोरदार टक्कर मार दी। अचानक हुए इस हादसे से बाजार में हड़कंप मच गया और चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
एक युवक का पैर टूटा, 2 लोग गंभीर घायल
कार की सीधी टक्कर से सड़क किनारे खड़ी सभी छह बाइकें पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे की चपेट में आने से दो स्थानीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मिर्चा गांव निवासी मोहम्मद अकबर का पैर टूट गया, जबकि वसीम अहमद समेत एक अन्य युवक को गंभीर चोटें आईं। स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को पास के अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने कार और चालक को लिया कब्जे में
घटना की सूचना मिलते ही सिद्दीकपुर चौकी प्रभारी जियाउद्दीन अहमद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और उसके चालक को हिरासत में लेकर चौकी भेज दिया है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइकों का पंचनामा भरकर मामले की जांच शुरू कर दी है और वाहन स्वामियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए बुलाया गया है।
(संवाददाता: शम्भू विश्वकर्मा, तृप्ति प्रमाण)