ऑनलाइन एकल खिड़की योजना की शुरुआत
आगामी गणेशोत्सव के मद्देनजर वसई-विरार शहर महानगरपालिका (VVMC) ने सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडलों को मंडप निर्माण की अनुमति देने के लिए ‘ऑनलाइन एकल खिड़की योजना’ शुरू की है। इस डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से अब गणेशोत्सव मंडलों को अनुमति प्राप्त करने के लिए मनपा कार्यालयों के चक्कर लगाने से मुक्ति मिलेगी।
mandap.onlinevvcmc.in पोर्टल पर करना होगा आवेदन
महानगरपालिका प्रशासन के अनुसार, सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडलों को अनुमति के लिए मनपा के समर्पित पोर्टल mandap.onlinevvcmc.in पर जाकर ऑनलाइन फॉर्म भरना होगा और आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे। मनपा अधिकारियों द्वारा दस्तावेजों की जांच और सत्यापन के बाद स्वीकृत अनुमति की प्रति भी ऑनलाइन पोर्टल से ही डाउनलोड की जा सकेगी।
नियमों का पालन करने की अपील
मनपा प्रशासन ने क्षेत्र के सभी सार्वजनिक गणेश उत्सव आयोजकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी करें। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि नियमानुसार ऑनलाइन अनुमति प्राप्त करने के बाद ही गणेशोत्सव का आयोजन किया जाए और शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन हो।
(रिपोर्ट: तृप्ति प्रमाण, वसई-विरार)