ठाणे: ठाणे शहर अपराध शाखा की अनैतिक मानव तस्करी विरोधी शाखा (AHTC) ने देह व्यापार के एक कथित रैकेट पर बड़ी कार्रवाई की है। राबोडी पुलिस थाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक महिला एजेंट को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस दौरान मौके से दो युवतियों को भी रेस्क्यू किया गया, जिन्हें सुरक्षित महिला सुधारगृह भेजने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
फर्जी ग्राहक और पंच की मदद से बिछाया गया जाल अधिकारियों के मुताबिक, गुप्त सूचना मिली थी कि खोपट रोड, हंस नगर (कैडबरी नाका के पास) एक महिला एजेंट युवतियों को ग्राहकों तक पहुंचाने के लिए आने वाली है। सूचना को पुख्ता करने के बाद अपराध शाखा की टीम ने अभिमान होटल के पास फर्जी ग्राहक और पंच की मदद से जाल बिछाया। जैसे ही महिला एजेंट मौके पर पहुंची, उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया और दो पीड़ित युवतियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
डांस और ऑर्केस्ट्रा बार से जुड़ा नेटवर्क शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला एजेंट कथित तौर पर दहीसर, बोरीवली और मीरा-भाईंदर के डांस एवं ऑर्केस्ट्रा बार में काम करने वाली युवतियों की तस्वीरें ग्राहकों को भेजती थी। तस्वीरों के जरिए संपर्क स्थापित कर देह व्यापार का धंधा चलाया जा रहा था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने में जुटी है कि इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं और महिला के संपर्क में कितनी अन्य युवतियां थीं।
सख्त धाराओं के तहत मामला दर्ज वरिष्ठ अधिकारियों तथा एसीपी मदन बल्लाळ के मार्गदर्शन में AHTC की वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अंजली आंधळे और उनकी टीम ने इस पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया। गिरफ्तार महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पीटा (PITA) एक्ट की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।