---Advertisement---

शिक्षक दिवस पर विशेष: शिक्षक ने थामा छात्रों का हाथ, 12 जरूरतमंद विद्यार्थियों की पढ़ाई को मिला सहारा |

---Advertisement---

संवाददाता: शम्भू विश्वकर्मा, तृप्ति प्रमाण।

जौनपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर गांधी स्मारक पीजी कॉलेज, समोधपुर के इतिहास विभागाध्यक्ष एवं प्रो. (डॉ.) राकेश कुमार यादव ने एक अनुकरणीय पहल की है। उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर 12 मेधावी विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा जारी रखने के लिए उनके प्रवेश और शिक्षण शुल्क में आर्थिक सहयोग प्रदान किया है। इस पहल से विषम परिस्थितियों के बावजूद इन विद्यार्थियों की पढ़ाई रुकने से बच गई।

आर्थिक स्थिति पढ़ाई में बाधा न बने: प्रो. राकेश कुमार यादव

प्रो. (डॉ.) राकेश कुमार यादव ने कहा कि किसी भी विद्यार्थी की आर्थिक स्थिति उसकी शिक्षा के मार्ग में रुकावट नहीं बननी चाहिए। एक शिक्षक के रूप में उनका यह प्रयास है कि जरूरतमंद छात्रों को अपनी क्षमता के अनुसार आगे बढ़ने का पूरा अवसर मिले। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आर्थिक तंगी के कारण पढ़ाई छोड़ने से बचाना और उनकी मदद करना सामाजिक जिम्मेदारी का एक हिस्सा है।

इन 12 विद्यार्थियों को मिला उच्च शिक्षा का सहारा

प्रो. यादव की इस पहल से लाभान्वित होने वाले छात्रों में रामनरेश प्रजापति (एमए हिंदी), सत्यम मिश्रा (एमए), खुशबू यादव (एमए इतिहास), ध्रुव यादव (एमए), शालिनी बारी (बीएड), लकी यादव (बीएससी), पवन बिंद (बीए), अमन गुप्ता (बीए), दिवेश तिवारी (बीए), कीर्ति प्रजापति (बीए), सृष्टि गौतम (बीए) और रूपेश (बीए) शामिल हैं।

छात्रों ने व्यक्त किया आभार, सुनाई अपनी आपबीती

  • रामनरेश प्रजापति (स्वर्ण पदक विजेता): वर्ष 2023 में पूर्वांचल विश्वविद्यालय में सर्वाधिक अंक प्राप्त कर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के हाथों स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले छात्र रामनरेश प्रजापति ने बताया कि फीस और प्रवेश में प्रो. यादव के सहयोग से ही उनकी पढ़ाई जारी रह सकी।
  • शालिनी बारी (बीएड छात्रा): 14 जुलाई 2022 को पिता शिव कुमार बारी के हाईटेंशन तार की चपेट में आने से हुए निधन के बाद शालिनी के परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया था। ऐसे कठिन समय में प्रो. यादव ने उनकी बीए, एमए और बीएड की पढ़ाई का खर्च उठाकर सहारा दिया।
  • खुशबू यादव व लकी यादव: खुशबू ने बताया कि पिता द्वारा खर्च उठाने में असमर्थता जताने पर प्रो. यादव ने उनका एमए और उनकी बहन लकी यादव का बीएससी में प्रवेश कराया, जिससे दोनों बहनों की पढ़ाई जारी रही।
  • सृष्टि गौतम: छात्रा सृष्टि गौतम ने भी इस सहयोग को एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि इससे छात्रों को आगे बढ़ने का संबल मिला है।

शिक्षा के साथ सामाजिक सरोकार की मिसाल

प्रो. (डॉ.) राकेश कुमार यादव वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के गोद गांव कार्यक्रम के समन्वयक, एनएसएस के पूर्व कार्यक्रम समन्वयक, विद्या परिषद के सदस्य, अध्ययन परिषद-इतिहास के पूर्व संयोजक तथा समता फाउंडेशन शाहगंज के मुख्य ट्रस्टी के रूप में सामाजिक सरोकारों से लगातार जुड़े रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh