---Advertisement---

आम महोत्सव 2026: बिहार के ‘जर्दालू’ और ‘दूधिया मालदह’ की अब होगी वैश्विक पहचान, जल्द लागू होगी नई निर्यात नीति |

---Advertisement---

पटना: बिहार की मिट्टी की खुशबू और मिठास अब दुनिया भर में महकेगी। राजधानी पटना के बामेती (BAMETI) परिसर में कृषि विभाग के उद्यान निदेशालय द्वारा आयोजित तीन दिवसीय ‘आम महोत्सव-2026’ का भव्य आगाज हो गया है। इस महोत्सव का मकसद बिहार की समृद्ध आम उत्पादन परंपरा को नई ऊंचाइयों पर ले जाना, किसानों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ना और राज्य के फलों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय बाजार में मजबूती से उतारना है।

वैश्विक बाजार में कदम रखेगा बिहार का आम

महोत्सव का शुभारंभ करते हुए राज्य के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा आम उत्पादक देश है। उन्होंने बिहार के ‘जर्दालू’ आम और दीघा के ‘दूधिया मालदह’ समेत उत्तर प्रदेश के दशहरी व लंगड़ा आम की विशिष्टता का जिक्र किया। उन्होंने गर्व के साथ बताया कि जर्दालू आम को मिला ‘जीआई टैग’ (GI Tag) बिहार की कृषि समृद्धि और बेहतरीन गुणवत्ता का जीता-जागता प्रमाण है।

कृषि मंत्री ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि राज्य सरकार जल्द ही एक ठोस ‘कृषि उत्पाद निर्यात नीति’ लागू करने जा रही है। निर्यात को हवा देने के लिए एपीडा (APEDA) का कार्यालय पहले ही बिहार में खुल चुका है। इसके अलावा, बिहटा स्थित एक्सपोर्ट पैक हाउस को हाल ही में सभी जरूरी लाइसेंस और क्लीयरेंस मिल चुके हैं, जिसके बाद राज्य से फलों का सीधा निर्यात शुरू हो गया है।

प्राकृतिक खेती और शाही लीची पर खास जोर

किसानों का आह्वान करते हुए विजय कुमार सिन्हा ने रासायनिक खेती की जगह प्राकृतिक खेती अपनाने पर जोर दिया, ताकि मिट्टी की सेहत और पर्यावरण को सुरक्षित रखा जा सके। उन्होंने बताया कि बिहार सिर्फ आम ही नहीं, बल्कि शाही लीची, मगही पान, कतरनी चावल, मखाना और मर्चा धान जैसे विशिष्ट उत्पादों के लिए भी देशभर में मशहूर है। सरकार इन सभी उत्पादों को ‘ग्लोबल ब्रांड’ बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रही है।

वैज्ञानिक अनुसंधान और कृषि रोडमैप की सराहना

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए फुलवारी शरीफ के विधायक श्याम रजक ने ‘बिहार कृषि रोडमैप’ की तारीफ करते हुए कहा कि इसके दम पर राज्य का कृषि क्षेत्र लगातार तरक्की कर रहा है। वहीं, बिहार किसान आयोग के अध्यक्ष रूप नारायण मेहता ने दीघा मालदह और सीपिया आम के संरक्षण व उन्नयन के लिए गहन वैज्ञानिक अनुसंधान की जरूरत पर बल दिया।

इन हस्तियों ने बढ़ाई महोत्सव की रौनक

इस भव्य आयोजन में कृषि विभाग के प्रधान सचिव नर्मदेश्वर लाल, विशेष सचिव वीरेंद्र प्रसाद यादव, कृषि निदेशक सौरभ सुमन यादव, उद्यान निदेशक अभिषेक कुमार के अलावा पद्मश्री सम्मानित ‘किसान चाची’ और सुधा वर्गीज जैसी शख्सियतें मौजूद रहीं। महोत्सव में पहुंचे बड़ी संख्या में किसानों और आम नागरिकों ने इसकी रौनक को और भी बढ़ा दिया

(रिपोर्ट: विनोद प्रसाद, ब्यूरो चीफ)

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh