अभाविप ने वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कुलसचिव को सौंपा 17 सूत्रीय ज्ञापन, मांगें पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी |

Share:

जौनपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय इकाई के कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय परिसर और पठन-पाठन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर कुलसचिव डॉ. विनोद सिंह को 17 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ताओं का कहना है कि परिसर में व्याप्त अव्यवस्थाओं के कारण छात्र-छात्राओं की पढ़ाई और दैनिक गतिविधियां बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं।

शैक्षणिक एवं बुनियादी सुविधाओं में सुधार की मांग

ज्ञापन में विभिन्न पाठ्यक्रमों के लिए पर्याप्त शिक्षकों और कक्षा-कक्षों (Classrooms) की समुचित व्यवस्था करने, पाठ्यक्रम को समय से पूरा कराने तथा प्रयोगशालाओं में आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने की मांग की गई। इसके अलावा विभागों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति, छात्राओं के लिए कॉमन रूम और वॉशरूम की समस्या के शीघ्र समाधान पर जोर दिया गया।

लंबित परीक्षा परिणाम और डिग्रियों का हो त्वरित निस्तारण

अभाविप ने छात्रों के परीक्षा परिणाम, अंकपत्र (मार्कशीट) और डिग्री समय से उपलब्ध कराने की मांग उठाई। कार्यकर्ताओं ने पिछले कई वर्षों से लंबित पड़े अंकपत्रों का त्वरित निस्तारण करने तथा विशेष रूप से कंप्यूटर साइंस विभाग के रुके हुए परीक्षा परिणामों को अविलंब जारी करने का आग्रह किया।

परिसर में वाई-फाई, सीसीटीवी और जनरेटर की व्यवस्था की मांग

विद्यार्थियों के हित में अभाविप ने विश्वविद्यालय परिसर में सार्वजनिक शौचालयों एवं अभिभावकों के बैठने के लिए प्रतीक्षालय के निर्माण की मांग की। साथ ही, छात्रावासों और संकायों में निःशुल्क वाई-फाई सुविधा, खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त कराने तथा इंजीनियरिंग विभाग में पर्याप्त क्षमता का नया जनरेटर लगाने की मांग रखी गई।

रैगिंग मुक्त परिसर और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा

इंजीनियरिंग विभाग में सांस्कृतिक कार्यक्रमों को प्रोत्साहित करने तथा परिसर में जगह-जगह “रैगिंग मुक्त परिसर” के सूचना बोर्ड लगाकर नियमों को प्रमुखता से प्रदर्शित करने की मांग की गई। कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि यदि इन 17 सूत्रीय मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो विद्यार्थी परिषद व्यापक आंदोलन के लिए बाध्य होगी।

ज्ञापन सौंपते समय ये पदाधिकारी रहे मौजूद

ज्ञापन सौंपने के दौरान विभाग संगठन मंत्री अश्वनी कुमार सिंह, विस्तारक शैलेंद्र यादव, सचिन सिंह, एकांश मिश्रा, रवियांशु सिंह, उत्कर्ष सिंह, विमल सिंह, विशाल मौर्या, अंकित कसौधन, सक्षम दुबे, नीरज निषाद, यश, दिव्यांश, अनिकेत, ऋषि, रितेश, वैभव, शिवांश और सौर्य सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Share: