मुरादाबाद। चंदन नगर स्थित सनातन धर्म मंदिर में आयोजित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में सहभागिता करने वाले बाल कलाकारों के उत्साहवर्धन और आत्मविश्वास को बढ़ाने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी एक विशेष जलपान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ नागरिक श्री चंचल कुमार राजू जी के व्यक्तिगत आवास पर संपन्न हुआ।
खराब मौसम के बावजूद बच्चों में दिखा भारी उत्साह
कार्यक्रम के दौरान बारिश के बावजूद नन्हे कलाकारों के उत्साह में कोई कमी नहीं आई और लगभग सभी बाल कलाकारों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। आयोजकों ने बताया कि इस वार्षिक आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उन्हें अपनी समृद्ध हिंदू संस्कृति, संस्कारों एवं सनातन परंपराओं से जोड़े रखना है।
सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने का प्रयास
कार्यक्रम की सफलता के उपरांत बच्चों के लिए एक विशेष पार्टी का भी आयोजन किया गया। आयोजकों का कहना है कि हर वर्ष की भांति अपने निवास स्थान पर इस प्रकार के आयोजन के माध्यम से बच्चों का मनोबल बढ़ाना और उन्हें अपने धर्म व संस्कृति से परिचित कराना उनका निरंतर प्रयास रहता है।
कार्यक्रम में ये गणमान्य रहे उपस्थित
इस अवसर पर श्री चंचल कुमार राजू जी, निर्भय रत्नाकर, मेहता जी, नितिन सेठी, गुनगुन, कविता गुप्ता एवं देवेंद्र जाट जी सहित कई प्रमुख कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।



