तृप्ति प्रमाण न्यूज़ | ब्यूरो चीफ विनोद प्रसाद
पटना। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य के 94 लाख से अधिक सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के खाते में कुल 1100 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए हैं। नई दिल्ली स्थित बिहार भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित डी.बी.टी. कार्यक्रम में यह राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में भेजी गई।
प्रधानमंत्री के रिकॉर्ड कार्यकाल के उपलक्ष्य में की गई ट्रांसफर
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबा कार्यकाल पूरा करने के शुभ अवसर पर यह राशि लाभार्थियों के खातों में हस्तांतरित की गई है। समाज कल्याण विभाग की योजनाओं के तहत प्रति माह 1100 रुपये की दर से यह भुगतान किया गया है।
हर महीने की 10 तारीख को खाते में आएंगे पेंशन के पैसे
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि अब से सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत हर महीने की 10 तारीख को नियमित रूप से लाभार्थियों के खातों में राशि अंतरित की जाएगी। सरकार गरीब, वंचित और जरूरतमंद वर्गों की सामाजिक सुरक्षा के प्रति पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से उनका आर्थिक संबल जारी रहेगा।
60 वर्ष से अधिक आयु के लोग जल्द करें आवेदन
मुख्यमंत्री ने राज्य के उन लोगों से अपील की जो 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के हैं लेकिन अभी तक इस पेंशन योजना से वंचित रह गए हैं, वे शीघ्र अपना आवेदन करें। साथ ही, जिन लाभार्थियों का आधार कार्ड अभी तक लिंक नहीं हुआ है, वे तुरंत अपना आधार लिंक करवाएं ताकि पेंशन से जुड़ी किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इन अधिकारियों ने लिया कार्यक्रम में हिस्सा
इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह और स्थानिक आयुक्त मनोज कुमार विशेष रूप से मौजूद थे। वहीं, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, अपर मुख्य सचिव एच.आर. श्रीनिवास, सभी जिलों के जिलाधिकारी और बड़ी संख्या में लाभार्थी इस कार्यक्रम से जुड़े।