---Advertisement---

बिहार में ‘माटी कला बोर्ड’ के गठन की ऐतिहासिक घोषणा: प्रजापति समाज में खुशी की लहर, पटना सम्मेलन में सीएम सम्राट चौधरी का हुआ भव्य अभिनंदन |

---Advertisement---

पटना (तृप्ति प्रमाण) | ब्यूरो चीफ विनोद प्रसाद:

बिहार के मिट्टी के बर्तन, दीये, मूर्तियाँ और हस्तशिल्प बनाने वाले लाखों कुंभकारों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित प्रजापति समाज के राज्यस्तरीय सम्मेलन में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य में ‘माटी कला बोर्ड’ के गठन की महत्वपूर्ण घोषणा की। सरकार के इस कदम से पारंपरिक माटी कला को बढ़ावा मिलेगा और कुंभकार समाज के लोगों को आर्थिक मजबूती मिलेगी।

आधुनिक उपकरण, ट्रेनिंग और मार्केट से जुड़ेंगे कुंभकार

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि माटी कला बोर्ड के गठन से राज्य के कुंभकारों को मिट्टी के उत्पाद बनाने के लिए आधुनिक उपकरण (जैसे इलेक्ट्रिक चाक), उन्नत तकनीकी प्रशिक्षण, सरकारी सब्सिडी और उनके उत्पादों की बिक्री के लिए उचित बाजार (मार्केटिंग लिंकेज) उपलब्ध कराया जाएगा। इस घोषणा के बाद सम्मेलन स्थल पर मौजूद कुंभकारों और प्रजापति समाज के लोगों ने सरकार का जोरदार स्वागत किया।

डॉ. उदय शंकर प्रजापति ने सीएम को पहनाया चांदी का मुकुट

कार्यक्रम में प्रजापति समाज के प्रदेश पदाधिकारी, रक्षा मंत्रालय (भारत सरकार) की हिन्दी सलाहकार समिति के पूर्व सदस्य सह वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. उदय शंकर प्रजापति ने समाज की ओर से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का भव्य अभिनंदन किया। उन्होंने मुख्यमंत्री को चांदी का मुकुट पहनाकर धन्यवाद ज्ञापित किया। वहीं मुख्यमंत्री ने संवेदनशीलता दिखाते हुए वह मुकुट डॉ. उदय शंकर प्रजापति को ही पहना दिया, जिसे देख पूरा हॉल तालियों से गूंज उठा।

केंद्र व राज्य सरकार ने कुम्हार समाज को दिया सम्मान: डॉ. प्रजापति

संवाददाताओं से बातचीत करते हुए डॉ. उदय शंकर प्रजापति ने कहा, “यह इतिहास में पहली बार हुआ है जब एक साथ दो एमएलसी (MLC) बनाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कुम्हार समाज को राजनीतिक और सामाजिक रूप से इतना बड़ा सम्मान देने का काम किया है।”

डॉ. उदय शंकर प्रजापति को बोर्ड का अध्यक्ष बनाने की मांग

सम्मेलन के दौरान वरिष्ठ समाजसेवी सुरेन्द्र प्रजापति ने भी मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया। इसके साथ ही उन्होंने समाज की तरफ से अपील की कि नवगठित माटी कला बोर्ड की जिम्मेदारी और अध्यक्ष पद डॉ. उदय शंकर प्रजापति को सौंपा जाए ताकि समाज का तेजी से कल्याण हो सके।

(हमारे तृप्ति प्रमाण व्हाट्सएप चैनल को फॉलो करना ना भूलें, आगे की खबरों से अपडेट होने के लिए धन्यवाद। – विनोद प्रसाद, ब्यूरो चीफ, पटना)

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh