बोईसर पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर: शांतिपूर्ण गणेशोत्सव के लिए मंडलों और डीजे संचालकों की बुलाई विशेष बैठक, दिए कड़े निर्देश |

Share:

रिपोर्टर: पराग यादव (पालघर)

पालघर जिले में आगामी गणेशोत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से बोईसर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। इसी सिलसिले में बोईसर पुलिस स्टेशन में सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडलों के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और डीजे (DJ) संचालकों की एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में उत्सव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात सुचारू रखने और नियमों के सख्त पालन के संबंध में विस्तृत निर्देश दिए गए।

ध्वनि प्रदूषण और नियमों के पालन पर विशेष ध्यान बैठक में विसर्जन जुलूस, भीड़ नियंत्रण और डीजे/लाउडस्पीकर के प्रयोग को लेकर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। विशेष रूप से डीजे संचालकों को सुप्रीम कोर्ट और प्रशासन द्वारा तय की गई ध्वनि सीमा (Noise Pollution Norms) का पालन करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने साफ किया कि अत्यधिक शोर से नागरिकों को असुविधा नहीं होनी चाहिए और किसी भी स्थिति में नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सामाजिक सौहार्द और भावनाओं का सम्मान सर्वोपरि पुलिस प्रशासन ने गणेश मंडलों से अपील की है कि उत्सव के दौरान कोई भी ऐसा पोस्टर, झांकी, नारा या गतिविधि न प्रस्तुत की जाए, जिससे किसी समाज, समुदाय या व्यक्ति की धार्मिक भावनाएं आहत हों। गणेशोत्सव को सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे के प्रतीक के रूप में मनाने पर जोर दिया गया है।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस की निगरानी यह पूरी पहल पुलिस अधीक्षक यतिश देशमुख, अपर पुलिस अधीक्षक विनायक नरळे तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी दिनेश बैसाणे के दिशा-निर्देशन में बोईसर पुलिस निरीक्षक सुनील जाधव के नेतृत्व में चलाई जा रही है।

थाना प्रभारी सुनील जाधव ने कहा, “उत्सव के दौरान पुलिस और गणेश मंडलों के बीच निरंतर संवाद बना रहेगा। हमारा लक्ष्य सुरक्षा और शांति बनाए रखना है। नागरिकों से अपील है कि वे उत्साह के साथ त्योहार मनाएं और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।”

Share: