रायगढ़, 15 जून: महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के पनवेल इलाके में स्थित पीएमश्री जिला परिषद प्राथमिक विद्यालय, वहाळ में स्कूल प्रवेशोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस दौरान एक अनोखा और प्रेरणादायी दृश्य देखने को मिला, जब विद्यालय की चौथी कक्षा की एक छात्रा ने मंच पर आकर मुख्यमंत्री का इंटरव्यू लिया।
छात्रा ने मुख्यमंत्री से शिक्षा, समाज सेवा और डिजिटल दौर में आ रहे बदलावों को लेकर कई सवाल पूछे। मुख्यमंत्री फड़नवीस ने बड़े ही सरल और प्रेरक अंदाज में छात्रा के सवालों के जवाब दिए।
छात्र जीवन से शुरू हुआ था सफर
अपने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि उनका सामाजिक और राजनीतिक सफर छात्र जीवन से ही शुरू हो गया था। उन्होंने बताया कि वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े और छात्रों की समस्याओं को सुलझाने का काम किया। मुख्यमंत्री ने बच्चों को सकारात्मक बदलाव के लिए संघर्ष करने की सलाह दी। साथ ही, छत्रपति शिवाजी महाराज और डॉ. बी.आर. अंबेडकर के विचारों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
डिजिटल शिक्षा है भविष्य की नींव
डिजिटल शिक्षा के महत्व पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाला समय डिजिटल माध्यमों का है और यही भविष्य की शिक्षा व्यवस्था का आधार होगी। इसी कड़ी में उन्होंने विद्यालय में बने ‘आइडियल सेंटर लैब’ का उद्घाटन किया। इस डिजिटल लैब में ऑडियो-वीडियो तकनीक, ऑनलाइन पढ़ाई और स्वमूल्यांकन जैसी आधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं। सीएम ने बच्चों से इस लैब का पूरा फायदा उठाने और अपने कौशल को निखारने की अपील की।
नन्हें छात्रों का हुआ पारंपरिक स्वागत
इस कार्यक्रम में पहली कक्षा में दाखिला लेने वाले बच्चों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। बच्चों को गुलाब का फूल देकर उनमें पाठ्यपुस्तकें भी बांटी गईं। मुख्यमंत्री से सीधी बातचीत और इंटरव्यू के इस मौके ने बच्चों में खासा उत्साह भर दिया। यह पूरा कार्यक्रम स्कूल प्रवेशोत्सव का मुख्य आकर्षण बना रहा।