इंटरनेशनल आइकॉनिक अवॉर्ड्स में सजा दिग्गजों का मंच
भारतीय टेलीविजन इंडस्ट्री में अपनी मजबूत पकड़ और अनोखी पहचान बनाने वाले जाने-माने निर्माता राजन शाही के खाते में एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। उन्हें उनके सबसे लोकप्रिय और लंबे समय से चल रहे धारावाहिक ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ के लिए इंटरनेशनल आइकॉनिक अवॉर्ड्स में ‘बेस्ट प्रोड्यूसर ऑफ इंडियन टेलीविजन’ के सम्मान से नवाजा गया है। इस सम्मान समारोह का सबसे खास पल वह रहा, जब टीवी इंडस्ट्री की दिग्गज निर्माता एकता कपूर ने खुद राजन शाही को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया।
पारिवारिक रिश्तों को नई पहचान देने वाले निर्माता
‘डायरेक्टर्स कुट प्रोडक्शंस’ के संस्थापक और प्रमुख राजन शाही ने हमेशा भारतीय परिवारों के ताने-बाने, भावनाओं और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े मुद्दों को बेहद खूबसूरती से छोटे पर्दे पर उतारा है। उनके सुपरहिट शोज ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ और ‘अनुपमा’ सालों से TRP चार्ट्स में टॉप पर बने हुए हैं और दर्शकों के दिलों पर राज कर रहे हैं।
राजन शाही ने कहा— ‘एकता कपूर मेरी प्रेरणा हैं’
अवॉर्ड स्वीकार करते समय राजन शाही ने अपनी व्यावसायिक यात्रा में एकता कपूर के प्रभाव और योगदान का विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने एकता कपूर को अपनी प्रेरणा बताते हुए कहा कि उन्होंने एकता के काम करने के तरीके और कंटेंट क्रिएशन से काफी कुछ सीखा है। वहीं, एकता कपूर ने भी राजन शाही की मेहनत, लगन और टेलीविजन के प्रति उनके समर्पण की सराहना की।
टीवी इंडस्ट्री के लिए ऐतिहासिक क्षण
एक ही मंच पर एकता कपूर और राजन शाही का नजर आना महज एक औपचारिक पुरस्कार वितरण नहीं था, बल्कि यह भारतीय टेलीविजन की दिशा बदलने वाले दो सबसे प्रभावशाली निर्माताओं के बीच गहरा आपसी सम्मान और उनके लंबे सफर का प्रतीक बना। ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ की सालों पुरानी सफलता ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि पारिवारिक कहानियां आज भी दर्शकों की पहली पसंद हैं।
(रिपोर्ट: साहिल यादव – तृप्ति प्रमाण)