पालघर

मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाले लामज रैंप के संशोधित बजट को तुरंत मिले मंजूरी: सांसद डॉ. हेमंत सावरा ने नितिन गडकरी से की मांग |

नई दिल्ली। पालघर लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. हेमंत विष्णु सावरा ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर क्षेत्र के इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी एक अहम मांग रखी है। उन्होंने भिवंडी-वाडा रोड (SH-35) और वडोदरा-मुंबई लिंक एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाले एंट्री/एग्जिट रैंप एवं कनेक्टिंग रोड के संशोधित बजट को जल्द से जल्द प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति देने का अनुरोध किया।

भारतमाला परियोजना (चरण-2) का अहम हिस्सा सांसद डॉ. सावरा ने बताया कि सुपेगांव-लामज (किमी 31+490 से 32+700) के बीच कनेक्टिंग रोड बनाने का प्रस्ताव ‘भारतमाला परियोजना (चरण-2)’ के 8-लेन वडोदरा-मुंबई लिंक एक्सप्रेसवे (अकलोली-आमने सेक्शन, पैकेज XV) का महत्वपूर्ण भाग है। वर्तमान में इस प्रोजेक्ट का संशोधित लागत अनुमान केंद्र सरकार की अंतिम मंजूरी के लिए लंबित है।

क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था और सुगम आवाजाही को मिलेगा बढ़ावा सांसद ने कहा कि इस लिंक रोड और रैंप के बनने से भिवंडी, सुपेगांव, लामज और अंबाडी जैसे इलाकों को सीधा एक्सप्रेसवे नेटवर्क मिलेगा। इससे न केवल यात्रा के समय में बचत होगी, बल्कि कृषि और औद्योगिक उत्पादों के परिवहन में आसानी होगी। सांसद ने केंद्रीय मंत्री से व्यक्तिगत ध्यान देकर संशोधित बजट को जल्द मंजूरी देने की अपील की है ताकि निर्माण कार्य तुरंत शुरू कराया जा सके।

(स्रोत: सांसद संपर्क कार्यालय, डॉ. हेमंत विष्णु सावरा, पालघर)

Sanjay Jaiswal

संपादक समाचार जगत की रीढ़ होते हैं, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रमाणिक जानकारी पाठकों तक पहुँचाते हैं। वे खबरों की गहन जाँच-पड़ताल कर समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।