बृजेश सिंह ‘प्रिंसू’ बोले—खेलों से युवाओं में अनुशासन, सहनशीलता और चरित्र निर्माण की भावना विकसित होती है
जौनपुर | संवाददाता: शम्भू विश्वकर्मा
जौनपुर के इंदिरा गांधी स्टेडियम, सिद्दीकपुर में बुधवार को आयोजित दो दिवसीय 76वीं जनपद स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का समापन हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह ‘प्रिंसू’ ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मेडल और शील्ड देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता का आयोजन जनता जनार्दन इंटर कॉलेज, जासोपुर चकिया के तत्वावधान में किया गया।
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में सुनील यादव ‘मम्मन’, प्रतिनिधि ब्लॉक प्रमुख करंजाकला उपस्थित रहे। जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र कुमार सिंह, सह जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश सिंह तथा विद्यालय के प्रबंधक लाल साहब यादव ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्रम और माल्यार्पण कर स्वागत किया।
खेलों से होता है अनुशासन और चरित्र निर्माण: बृजेश सिंह
मुख्य अतिथि बृजेश सिंह ‘प्रिंसू’ ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं। उन्होंने कहा कि खेलों से युवाओं में अनुशासन, सहनशीलता और चरित्र निर्माण की भावना विकसित होती है।
उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए खेल भावना के साथ आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा के दम पर जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का सम्मान
प्रतियोगिता में विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। सम्मानित खिलाड़ियों में सीनियर बालक वर्ग से इंटर कॉलेज रामगढ़ बरांव के स्वप्निल कुमार और राम जानकी इंटर कॉलेज, जमालपुर के शिव ओम शामिल रहे।
जूनियर बालक वर्ग में इंटर कॉलेज नकहरा के सुजीत कुमार, सब-जूनियर वर्ग में इंटर कॉलेज चक्के के आदित्य अब्राहम तथा सीनियर बालिका वर्ग में एसआर इंटर कॉलेज, सुल्तानपुर गौर की उजाला को सम्मानित किया गया। इसके अलावा तहसील सदर के कोच संतोष पटेल को भी सम्मान मिला।
खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया
विशिष्ट अतिथि सुनील यादव ‘मम्मन’ ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और युवाओं का भविष्य उज्ज्वल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम का संचालन राम दुलार यादव, राम प्रताप विश्वकर्मा, डॉ. महारुद्र सिंह और गौरव तिवारी ने किया। इस अवसर पर अतुल प्रकाश यादव, वीरेंद्र यादव, रविचंद्र, निखिल सिंह, राजू सिंह, दिलीप सिंह, कृष्ण मोहन, सुरेश यादव, संतोष पटेल और सुदीप सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
अंत में विद्यालय के प्रबंधक लाल साहब यादव और प्रधानाचार्य रमेश चंद्र ने सभी अतिथियों, आयोजकों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
प्रतियोगिता के समापन पर खिलाड़ियों का सम्मान और उनका उत्साहवर्धन खेलों के प्रति युवाओं की रुचि बढ़ाने तथा उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रही।




