---Advertisement---

वर्दी में रहते हुए रचा इतिहास: जौनपुर के सिपाही अजय प्रजापति बने सब-इंस्पेक्टर, यूपी एसआई परीक्षा में मिली 119वीं रैंक |

---Advertisement---

जौनपुर ब्यूरो: दिलीप कुमार

जौनपुर: मेहनत, लगन और कुछ कर गुजरने का जज्बा हो तो विपरीत परिस्थितियां भी कामयाबी की राह नहीं रोक सकतीं। ऐसा ही कुछ कर दिखाया है जौनपुर जनपद के सिकरारा थाने में तैनात आरक्षी अजय कुमार प्रजापति ने। उन्होंने उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक (UP SI) भर्ती परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश में 119वां स्थान प्राप्त कर विभाग सहित अपने परिवार का नाम रोशन किया है। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद से ही अजय को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।

खाकी की जिम्मेदारी के साथ जारी रखी पढ़ाई

मूल रूप से महोबा जिले के श्रीनगर थाना क्षेत्र के रहने वाले अजय कुमार प्रजापति वर्ष 2025 बैच के सिपाही हैं। वर्तमान में उनकी तैनाती जौनपुर के सिकरारा थाने में है। पुलिस महकमे की बेहद व्यस्त और थका देने वाली ड्यूटी के बावजूद अजय ने अपने भीतर के छात्र को हमेशा जीवित रखा। ड्यूटी से वक्त मिलते ही वे अपनी तैयारियों में जुट जाते थे। इसी दृढ़ संकल्प का नतीजा है कि उन्होंने सब-इंस्पेक्टर की परीक्षा में कुल 160 प्रश्नों में से 150 प्रश्नों का सटीक उत्तर देकर शानदार सफलता हासिल की।

मजदूर पिता के संघर्षों को दी नई पहचान

अजय की इस असाधारण सफलता के पीछे एक लंबा और कड़ा संघर्ष छिपा है। वे एक बेहद सामान्य और मध्यमवर्गीय परिवार से आते हैं। उनके पिता दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि माता घर संभालती हैं। बेहद सीमित संसाधनों और आर्थिक चुनौतियों के बीच माता-पिता ने अपने बच्चों की पढ़ाई-लिखाई में कोई कमी नहीं होने दी। आज बेटे के दरोगा बनने पर महोबा स्थित उनके पैतृक गांव में उत्सव का माहौल है, जहां परिजनों ने पूरे गांव में देसी घी के लड्डू बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया।

थाने में बंटी मिठाई, अब प्रशासनिक सेवा पर है नजर

सफलता की खबर मिलते ही सिकरारा थाना परिसर में जश्न का माहौल बन गया। थाना प्रभारी विश्वनाथ प्रताप सिंह ने अजय कुमार प्रजापति को मिठाई खिलाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि अजय की यह कामयाबी अन्य पुलिसकर्मियों के लिए भी एक बड़ी प्रेरणा बनेगी। अपनी इस शानदार सफलता पर बात करते हुए अजय ने बताया कि वे इस मुकाम पर ही रुकने वाले नहीं हैं। उनका अगला लक्ष्य यूपीपीसीएस (UPPCS) परीक्षा को पास कर उच्च प्रशासनिक पद पर आसीन होना है।

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh