उत्तर प्रदेश

जौनपुर: डीएम-एसएसपी ने किया थाना बरसठी का औचक निरीक्षण, नवनिर्मित भोजनालय का किया उद्घाटन |

जौनपुर (बरसठी)। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह ने शनिवार को संयुक्त रूप से थाना बरसठी का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों उच्च अधिकारियों ने थाना परिसर की व्यवस्थाओं, पत्रावलियों और नागरिक सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैरक, मालखाना और पत्रावलियों की गहन जांच

निरीक्षण के दौरान डीएम और एसएसपी ने थाना कार्यालय, महिला हेल्प डेस्क, मालखाना, बैरक तथा विभिन्न अभिलेखों का बारीकी से अवलोकन किया। अधिकारियों ने लंबित विवेचनाओं और जनशिकायतों की स्थिति की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।

नवनिर्मित भोजनालय का फीता काटकर किया उद्घाटन

थाना परिसर में तैनात पुलिसकर्मियों के वेलफेयर को ध्यान में रखते हुए बनाए गए नवनिर्मित भोजनालय (मेस) का डीएम और एसएसपी ने विधिवत उद्घाटन किया। नवनिर्मित भोजनालय का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों ने कहा कि पुलिस कर्मियों को समय पर पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन मिले। साथ ही उन्होंने मेस में नियमित साफ-सफाई और स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

जनसुनवाई में संवेदनशीलता बरतने की सख्त हिदायत

अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों का पूरी ईमानदारी, निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि थाने पर अपनी फरियाद लेकर आने वाले हर पीड़ित की बात गंभीरता से सुनी जाए और त्वरित कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए।

(ब्यूरो चीफ: दिलीप कुमार, तृप्ति प्रमाण, जौनपुर)

Sanjay Jaiswal

संपादक समाचार जगत की रीढ़ होते हैं, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रमाणिक जानकारी पाठकों तक पहुँचाते हैं। वे खबरों की गहन जाँच-पड़ताल कर समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।