पूर्व सांसद अर्जुन सिंह यादव की 28वीं पुण्यतिथि मनाई गई, शिक्षा के क्षेत्र में योगदान को किया याद |

Share:

प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि, वक्ताओं ने समाजसेवा और शिक्षा के प्रति उनके समर्पण को बताया प्रेरणास्रोत

जौनपुर | संवाददाता: शम्भू विश्वकर्मा

जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के सिद्धिकपुर स्थित गुलाबी देवी महाविद्यालय परिसर में पूर्व सांसद स्वर्गीय अर्जुन सिंह यादव की 28वीं पुण्यतिथि समारोहपूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके व्यक्तित्व, कृतित्व तथा सामाजिक योगदान को याद किया।

शिक्षा के क्षेत्र में दिया उल्लेखनीय योगदान

कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता लालचंद यादव लाले, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रामाशंकर और अश्विनी कुमार सहित अन्य वक्ताओं ने पूर्व सांसद अर्जुन सिंह यादव के जीवन पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षण संस्थानों की स्थापना कर उन्होंने शिक्षा की अलख जगाई और लोगों को शिक्षित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

जरूरतमंदों की सेवा के लिए रहते थे तत्पर

इस दौरान नीलम मौर्या ने कहा कि स्वर्गीय अर्जुन सिंह यादव हमेशा जरूरतमंदों की सेवा के लिए तत्पर रहते थे। उन्होंने दिखावे की राजनीति से दूर रहकर समाज के लोगों के हितों के लिए कार्य किया। उनके विचार और समाजसेवा के प्रति समर्पण आज भी लोगों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

कार्यक्रम में डॉ. पंकज कुमार, डॉ. सुभाष चंद्र यादव और डॉ. इंदुमती सहित अन्य लोगों ने भी उनके जीवन, संघर्ष और सामाजिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

ये लोग रहे मौजूद

पुण्यतिथि कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्रबंधक कृष्णचन्द यादव, डॉ. पंकज कुमार, डॉ. रुद्रसेन सिंह, कृष्णनेश यादव, अंकुर यादव, नीलम, सरोज यादव, मीना यादव, वीरेंद्र कुमार यादव, राधे मोहन और रामजीत सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान पूर्व सांसद अर्जुन सिंह यादव के शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में किए गए योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।

संवाददाता: संवाददाता: शम्भू विश्वकर्मा

Share: