---Advertisement---

जौनपुर के तिसौली में नवविवाहित जोड़े की संदिग्ध मौत, कमरे में मिले शव; इलाके में फैली सनसनी |

---Advertisement---

तिसौली में पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद दर्दनाक हादसा जौनपुर (उत्तर प्रदेश): जिले के खुटहन थाना क्षेत्र अंतर्गत तिसौली गांव में बुधवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नवविवाहित पति-पत्नी के बीच हुए आपसी विवाद के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में दोनों की मौत हो गई। सुबह कमरे का दरवाजा तोड़ने पर पत्नी का शव बेड पर पड़ा मिला, जबकि पति का शव दुपट्टे के फंदे से लटकता पाया गया। एक ही कमरे से दंपती का शव मिलने के बाद गांव में सनसनी फैल गई है।

तीन महीने पहले हुई थी शादी, अक्सर होता था विवाद जानकारी के अनुसार, तिसौली गांव निवासी मिठाईलाल के 23 वर्षीय पुत्र गोविंद का विवाह करीब तीन माह पूर्व 10 मई को 21 वर्षीय नेहा के साथ हुआ था। पड़ोसियों के मुताबिक, शादी के बाद से ही दोनों के बीच किसी न किसी बात को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था। इसी अनबन के कारण नेहा कई बार अपने मायके भी चली गई थी। बुधवार को भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसके बाद दोनों रात में अपने कमरे में सोने चले गए थे।

दरवाजा तोड़ा तो उड़ गए परिजनों के होश गुरुवार सुबह काफी देर तक जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो परिजनों ने आवाज दी। अंदर से कोई जवाब न मिलने पर परिजनों ने अनहोनी की आशंका में दरवाजा तोड़ा। कमरे के भीतर का दृश्य देखकर परिजनों के होश उड़ गए; नेहा बेड पर मृत पड़ी थी और गोविंद का शव फंदे पर लटक रहा था। घर में गोविंद और उसके पिता मिठाई लाल ही रहते थे, जबकि उसका छोटा भाई धर्मेंद्र परदेश में रहता है। गोविंद की मां का निधन पहले ही हो चुका है।

पुलिस जांच और पोस्टमार्टम कार्रवाई घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह ने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार मामले की गहनता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

संवाददाता: जौनपुर से ब्यूरो चीफ दिलीप कुमार

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh