पुणे संवाददाता | तृप्ति प्रमाण
पुणे। महाराष्ट्र को अत्याधुनिक तकनीक और नवाचार (इन्नोवेशन) का देश में अग्रणी केंद्र बनाने के संकल्प के साथ मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक बड़ा विजन पेश किया है। पुणे स्थित प्रतिष्ठित भारतीय विज्ञान शिक्षा और अनुसंधान संस्थान (IISER) में आयोजित ‘क्वांटम टेक्नोलॉजी फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम’ को मुख्यमंत्री ने मुख्य अतिथि के रूप में ऑनलाइन माध्यम से संबोधित किया।
इस दौरान उन्होंने “विजन फॉर क्वांटम टेक्नोलॉजी इकोसिस्टम इन महाराष्ट्र” विषय पर अपने विचार साझा किए और राज्य में आधुनिक प्रौद्योगिकी के विकास के लिए एक मजबूत रोडमैप तैयार करने की आवश्यकता पर बल दिया।
भविष्य की सबसे क्रांतिकारी तकनीक: मुख्यमंत्री
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि क्वांटम टेक्नोलॉजी आने वाले कल की सबसे महत्वपूर्ण और दूरगामी बदलाव लाने वाली तकनीकों में से एक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि महाराष्ट्र सरकार इस क्षेत्र में केवल एक दर्शक नहीं, बल्कि एक लीडर की भूमिका निभाने के लिए पूरी तरह तैयार है।
राज्य में इस तकनीक को बढ़ावा देने के लिए अनुसंधान (Research), नवाचार, उद्योग जगत और शैक्षणिक संस्थानों के बीच एक बेहतर और मजबूत तालमेल (कोऑर्डिनेशन) स्थापित किया जा रहा है, ताकि एक सक्षम और आत्मनिर्भर इकोसिस्टम का निर्माण किया जा सके।
युवाओं और शोधकर्ताओं से आगे आने का आह्वान
मुख्यमंत्री ने राज्य के युवाओं, होनहार शोधकर्ताओं (सर्चर्स) और अग्रणी शिक्षण संस्थानों से अपील की कि वे इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएं और देश को तकनीकी रूप से सशक्त बनाएं। सरकार इस क्षेत्र में हर संभव अकादमिक और वित्तीय सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस विशेष कार्यक्रम में क्वांटम टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में उन्नत अनुसंधान, युवाओं के लिए कौशल विकास (स्किल डेवलपमेंट) और इस तकनीक से पैदा होने वाली भविष्य की रोजगार संभावनाओं पर भी विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम के दौरान देश-विदेश के कई गणमान्य वैज्ञानिक, शिक्षाविद और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।