मुंबई, 8 सितंबर। महाराष्ट्र में स्त्री भ्रूण हत्या, अवैध गर्भपात तथा गर्भधारणापूर्व एवं प्रसवपूर्व निदान तकनीकों (PCPNDT) के दुरुपयोग पर पूरी तरह से रोक लगाने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा और कड़ा कदम उठाया है। कानून के कड़ाई से क्रियान्वयन और सतत निगरानी के लिए सरकार ने एक उच्चस्तरीय ‘राज्यस्तरीय कृती दल’ का गठन किया है। विधान परिषद की वरिष्ठ सदस्य डॉ. नीलम गोऱ्हे को इस राज्यस्तरीय कृती दल की कमान (अध्यक्ष) सौंपी गई है, जबकि वसई विधानसभा क्षेत्र की विधायक स्नेहा दुबे पंडित को इस समिति का सदस्य नियुक्त किया गया है।
कृती दल में महिला जनप्रतिनिधियों को प्रमुख जिम्मेदारी
गठित राज्यस्तरीय कृती दल में विधान परिषद सदस्य डॉ. प्रज्ञा सातव, भावना गवली, चित्रा वाघ, उमा खापरे, डॉ. मनीषा कायंदे तथा विधानसभा सदस्य श्वेता महाले और स्नेहा दुबे पंडित को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। इसके अलावा राज्य कुटुंब कल्याण कार्यालय, पुणे के अतिरिक्त संचालक को समिति का सदस्य सचिव नियुक्त किया गया है।
सोनोग्राफी व गर्भपात केंद्रों पर रहेगी पैनी नजर, होंगे औचक निरीक्षण
इस कृती दल का मुख्य उद्देश्य ‘PCPNDT Act’ और ‘MTP Act’ के नियमों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित कराना है। इसके तहत राज्य भर के सोनोग्राफी सेंटरों, निदान केंद्रों और एमटीपी (MTP) केंद्रों की निगरानी बढ़ाई जाएगी। कृती दल के सदस्य विभिन्न जिलों और महानगरपालिका क्षेत्रों का दौरा कर समीक्षा करेंगे तथा अधिकारियों के साथ केंद्रों का औचक निरीक्षण (Surprise Inspection) करेंगे। नियमों के उल्लंघन पर तत्काल कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे।
हर तीन महीने में सरकार को सौंपी जाएगी रिपोर्ट
कृती दल को प्रशासनिक व तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी सभी जिलाधिकारियों, मनपा आयुक्तों और सक्षम प्राधिकारियों को दी गई है। यह समिति हर तीन महीने में अपने निरीक्षणों और सिफारिशों की रिपोर्ट सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग को सौंपेगी। कृती दल का कार्यकाल 3 वर्ष निर्धारित किया गया है।
वसई विधायक स्नेहा दुबे पंडित की नियुक्ति से क्षेत्र में खुशी
वसई की विधायक स्नेहा दुबे पंडित की इस राज्यस्तरीय कृती दल में नियुक्ति को क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। उनके शामिल होने से बेटियों के जन्म को प्रोत्साहन देने, भ्रूण हत्या रोकने और समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने के प्रयासों को नई मजबूती मिलेगी।



