मुरादाबाद। मैनाठेर थाना क्षेत्र के रसूलपुर हमीर गांव में शुक्रवार को एक गंभीर घटना सामने आई है। जहां एक ट्रक चालक पर अपनी पत्नी की ईंट से सिर कुचलकर हत्या करने का आरोप लगा है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
प्रेम विवाह था, तीन बच्चे हैं माता-पिता की गोद में
जानकारी के अनुसार, रसूलपुर हमीर गांव निवासी नसीम (32) पेशे से एक ट्रक चालक है। करीब छह वर्ष पूर्व उसने गांव की ही रहने वाली सना (30) से प्रेम विवाह किया था। इस दंपति के तीन छोटे बच्चे हैं, जिनमें पांच वर्षीय मन्नत, तीन वर्षीय अली हमजा और एक वर्षीय आयत शामिल हैं।
तड़के हुआ विवाद, ईंट से हमला कर मौत
परिजनों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद चल रहा था और अक्सर कहासुनी होती रहती थी। शुक्रवार तड़के भी दोनों के बीच विवाद हुआ। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान नसीम ने ईंट से सना के सिर पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बच्ची ने नाना-नानी को दी सूचना, पुलिस ने शुरू की जांच
बताया जा रहा है कि घटना के समय दंपति के तीनों बच्चे घर में मौजूद थे। मां की चीख सुनकर बड़ी बेटी की आंख खुल गई, लेकिन वह घबराकर कुछ बोल नहीं सकी। घटना के बाद आरोपी घर छोड़कर फरार हो गया। कुछ देर बाद बड़ी बेटी ने करीब 50 मीटर दूर रहने वाले अपने नाना-नानी को घटना की जानकारी दी। जब परिजन घर पहुंचे तो सना खून से लथपथ फर्श पर पड़ी मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, जांच जारी
सूचना पर मैनाठेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए फोरेंसिक साक्ष्य भी एकत्र किए हैं। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला घरेलू विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि हत्या के पीछे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।