वसई। आगामी मानसून को देखते हुए पालघर लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. हेमंत विष्णु सवरा ने बुधवार, 27 मई 2026 को वसई-विरार महानगरपालिका क्षेत्र का दौरा कर बारिश पूर्व तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने शहर के कई संवेदनशील इलाकों, नालों और जलनिकासी कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नालासोपारा के विधायक राजन नाईक, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रज्ञा पाटिल, विरोधी पक्ष नेता मनोज पाटिल, गट नेता अशोक शेळके, महानगरपालिका के वरिष्ठ अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी एवं नगरसेवक मौजूद रहे।
सांसद डॉ. सवरा ने सुबह से ही विभिन्न क्षेत्रों का दौरा शुरू किया। उन्होंने विरार पूर्व स्थित रायपाड़ा डीएफएफसी नाला और 90 फीट प्रगति नगर रेलवे नाला का निरीक्षण किया। इसके बाद संतोष भवन इलाके में कुमकुम मेडिकल परिसर, शर्मा वाड़ी और कारगिल नगर रोड क्षेत्र में चल रहे नालेसफाई कार्यों का जायजा लिया गया।
इसके अलावा नालासोपारा पूर्व के अलकापुरी नाला, वसई पूर्व के गोखिवरे डीएफएफसी नाला एवं नवघर नाला और वसई पश्चिम के कृष्णा टाउनशिप क्षेत्र का भी दौरा कर जलनिकासी व्यवस्था की स्थिति पर चर्चा की गई।
दौरे के उपरांत शाम 4 बजे वसई-विरार महानगरपालिका मुख्यालय में मानसून पूर्व तैयारियों को लेकर एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सांसद डॉ. सवरा, विधायक राजन नाईक और महापौर अजीव पाटिल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ नालेसफाई एवं जलनिकासी कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।
जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य तय समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि बारिश के दौरान नागरिकों को जलभराव, ट्रैफिक और अन्य समस्याओं का सामना न करना पड़े।
बैठक में यह भी कहा गया कि नागरिकों की सुरक्षा और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए प्रशासन और जनप्रतिनिधि मिलकर लगातार निगरानी कर रहे हैं, जिससे मानसून के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
तृप्ति प्रमाण। राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक संवाददाता: साहिल यादव