नायगांव में रक्षाबंधन पर उमड़ा बहनों का जनसैलाब
नायगांव: रक्षाबंधन के पावन पर्व के अवसर पर नायगांव में एक विशेष रक्षाबंधन समारोह का आयोजन किया गया। समाजसेवक सुनील मिश्रा द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र की लगभग 400 से 450 महिलाओं ने भाग लिया। महिलाओं ने पूरी आत्मीयता के साथ सुनील मिश्रा की कलाई पर राखी बांधी और उनके उत्तम स्वास्थ्य तथा दीर्घायु की कामना की।
अभूतपूर्व स्नेह पाकर भावुक हुए सुनील मिश्रा
कार्यक्रम के दौरान भाई-बहन के पवित्र रिश्ते और सामाजिक सौहार्द की सुंदर मिसाल देखने को मिली। सैकड़ों बहनों का स्नेह और आशीर्वाद पाकर समाजसेवक सुनील मिश्रा भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि बहनों का यह अटूट विश्वास उनके लिए अत्यंत सम्मान और नैतिक जिम्मेदारी का विषय है।
निरंतर जनसेवा का लिया संकल्प
सुनील मिश्रा ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि जनता का प्यार और आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। वे बिना किसी भेदभाव के जरूरतमंदों की सेवा और क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति ने इस आयोजन को ऐतिहासिक और यादगार बना दिया।
(संवाददाता: साहिल यादव, तृप्ति प्रमाण)