सुजुकी ब्रेजा पर दूसरे वाहन का नंबर लगाने का आरोप
नालासोपारा पूर्व के वाकणपाड़ा क्षेत्र में फर्जी नंबर प्लेट का उपयोग कर सार्वजनिक सड़क पर वाहन चलाने का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। इस मामले में पेल्हार पुलिस ने वार्ड क्रमांक 19 से बहुजन विकास आघाड़ी के नगरसेवक अरशद चौधरी के भाई अफजल जैनउल्ला चौधरी (32) के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
ट्रैफिक पुलिस की जांच में खुला मामला
मामले की शिकायत मीरा-भायंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय के ट्रैफिक विभाग में कार्यरत सहायक पुलिस निरीक्षक विजय मुरलीधर कोळी (41) ने दर्ज कराई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी द्वारा इस्तेमाल की जा रही सुजुकी ब्रेजा कार पर कथित तौर पर दूसरे वाहन का पंजीकरण क्रमांक लगाया गया था। गाड़ी का वास्तविक रिकॉर्ड MH 46 BK 3738 है, जबकि उस पर MH 46 CM 0307 नंबर की प्लेट पाई गई।
विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज
पेल्हार पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं 318(2), 336(2), 336(3), 340(2) तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 39/192 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। सपोनि रमेश वाघचौरे इस बात की जांच कर रहे हैं कि फर्जी नंबर प्लेट लगाने के पीछे आरोपी की क्या मंशा थी।