---Advertisement---

नालासोपारा में तानिया बिल्डर की लापरवाही से सड़क पर जमा हुई कीचड़, हादसों का बढ़ा खतरा; BJP युवा मोर्चा ने दी आंदोलन की चेतावनी |

---Advertisement---

नालासोपारा (तृप्ति प्रमाण): नालासोपारा पश्चिम स्थित पानबाई नगर इलाके में तानिया बिल्डर के निर्माणाधीन प्रोजेक्ट के कारण आम जनता और राहगीरों की मुसीबतें बढ़ गई हैं। निर्माण स्थल पर चल रहे पाइलिंग के काम की वजह से भारी मात्रा में मिट्टी उड़कर और बहकर मुख्य सड़क पर जमा हो रही है। बारिश के कारण यह मिट्टी अब खतरनाक कीचड़ का रूप ले चुकी है, जिससे दोपहिया चालकों के फिसलने और बड़े हादसों की आशंका लगातार बनी हुई है।

नालों में मिट्टी जमा होने से जलभराव का बढ़ा संकट

स्थानीय रहवासियों ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि निर्माण स्थल से निकलने वाली गाद और मिट्टी सीधे वसई-विरार महानगरपालिका की जल निकासी व्यवस्था एवं गटरों में समा रही है। नालियों के चोक होने से बारिश के दिनों में क्षेत्र में भारी जलभराव (वॉटर लॉगिंग) की स्थिति बन रही है, जिससे नागरिकों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है। लोगों का कहना है कि प्रशासन की अनदेखी के चलते कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

प्रशासन तुरंत करे सख्त कार्रवाई: ब्रह्मदेव सिंह राजन

इस गंभीर समस्या को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) युवा मोर्चा के वसई-विरार जिला महामंत्री ब्रह्मदेव सिंह राजन ने मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से तत्काल निर्माण स्थल का दौरा करने की मांग की है। राजन ने कहा, “बिल्डर खुलेआम सुरक्षा और स्वच्छता के मानकों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। सड़क पर फैली मिट्टी को तुरंत साफ कराया जाए और चोक हुए गटरों को दुरुस्त किया जाए। यदि नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो बिल्डर पर भारी जुर्माना और दंडात्मक कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।”

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते सड़क को सुरक्षित नहीं बनाया गया और कोई दुर्घटना घटी, तो इसकी पूरी जवाबदेही संबंधित बिल्डर और लापरवाह अधिकारियों की होगी।

महानगरपालिका एक्शन में, बिल्डर को नोटिस जारी करने के निर्देश

मामला तूल पकड़ते ही वसई-विरार शहर महानगरपालिका प्रशासन हरकत में आ गया है। आरोग्य विभाग के सहायक आयुक्त जितेंद्र नाईक ने बयान जारी करते हुए कहा कि प्रभावित सड़क महानगरपालिका के अधिकार क्षेत्र में आती है। उन्होंने आश्वस्त किया कि निर्माण कार्य के कारण सड़क पर गंदगी और कीचड़ फैलाने के मामले में तानिया बिल्डर को कारण बताओ नोटिस जारी किया जा रहा है। जांच में लापरवाही साबित होने पर संबंधित पक्ष के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh