पालघर। राज्य और देश के लिए खेल के मैदान पर शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और उनके मार्गदर्शकों को सम्मानित करने के लिए पालघर जिला खेल अधिकारी कार्यालय ने बड़ी पहल की है। जिला खेल पुरस्कार के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह पुरस्कार वर्ष 2024-25 और 2025-26 के शानदार प्रदर्शन के लिए दिए जाएंगे। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार 20 जुलाई 2026 तक अपने आवेदन जमा कर सकते हैं।
पुरस्कार का स्वरूप और चयन प्रक्रिया
जिला खेल अधिकारी सुहास व्हनमाने के अनुसार, राज्य सरकार की इस योजना के तहत जिला स्तर पर एक बेहतरीन खेल मार्गदर्शक और तीन उत्कृष्ट खिलाड़ियों को चुना जाएगा। इन तीन खिलाड़ियों में एक पुरुष, एक महिला और एक दिव्यांग खिलाड़ी शामिल होगा। चयनित खिलाड़ियों और कोच को सम्मानित करने के लिए उन्हें स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र और 10 हजार रुपये की नकद राशि से सम्मानित किया जाएगा।
पात्रता के लिए क्या हैं जरूरी शर्तें
इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार का महाराष्ट्र राज्य में कम से कम 15 वर्षों का निवासी होना अनिवार्य है।
वहीं, खेल मार्गदर्शक के लिए महाराष्ट्र में लगातार 10 साल तक खेल प्रशिक्षण देने का अनुभव होना चाहिए और उनकी आयु 35 वर्ष पूरी होनी चाहिए। मार्गदर्शक ने पिछले 10 वर्षों में राज्य और राष्ट्रीय स्तर के पदक विजेता खिलाड़ियों को प्रशिक्षित किया हो, यह भी देखा जाएगा।
खिलाड़ियों के लिए शर्त यह है कि पुरस्कार वर्ष सहित पिछले पांच वर्षों में से कम से कम दो वर्षों तक उन्होंने पालघर जिले का प्रतिनिधित्व किया हो। साथ ही, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की मान्यता प्राप्त प्रतियोगिताओं में उनका प्रदर्शन सराहनीय रहा हो। मूल्यांकन के दौरान केवल पालघर जिले के खिलाड़ियों की उपलब्धियों को ही मान्यता दी जाएगी।
आवेदन प्रक्रिया और संपर्क सूत्र
आवेदन पत्र जिला खेल अधिकारी कार्यालय, कक्ष क्रमांक-001, बी विंग, मुख्य प्रशासनिक भवन, पालघर-बोईसर रोड, कोलगांव, पालघर से प्राप्त किए जा सकते हैं। सभी दस्तावेजों के साथ भरे हुए आवेदन पत्र 20 जुलाई 2026 तक कार्यालय में जमा करना अनिवार्य होगा।
अधिक जानकारी के लिए मुख्य खेल कार्यकारी अधिकारी गिरीश इरनक, तालुका खेल अधिकारी भक्ति आंब्रे, खेल अधिकारी अमृत घाडगे, मयूर खोल्लम और राज्य खेल मार्गदर्शक प्रितीश पाटील से संपर्क किया जा सकता है। जिला खेल अधिकारी ने सभी पात्र खिलाड़ियों और कोचों से समय रहते आवेदन करने की अपील की है।