पालघर। महाराष्ट्र के पालघर जिले के वाडा क्षेत्र में एक औद्योगिक दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए श्रमिक को उचित मुआवजा और इलाज का खर्च दिलाने की मांग को लेकर शनिवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) ने प्रदर्शन किया। मूसलाधार बारिश के बावजूद कार्यकर्ताओं ने कंपनी के मुख्य गेट के बाहर धरना दिया।
औद्योगिक दुर्घटना में घायल हुआ श्रमिक
जानकारी के अनुसार, वाडा स्थित टीना रबर एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड कंपनी में हेल्पर के पद पर कार्यरत 29 वर्षीय एकनाथ अनंत तल्हा की 22 जून को एक दुर्घटना में गंभीर चोटें आईं। पीड़ित पक्ष और पार्टी का आरोप है कि सुबह करीब चार बजे सुपरवाइजर द्वारा जबरन मशीन चलवाने के दौरान यह हादसा हुआ, जिसमें उनके दाहिने पैर की दो उंगलियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। पीड़ित का इलाज वर्तमान में आइडियल हॉस्पिटल में चल रहा है।
कंपना प्रबंधन पर गंभीर आरोप
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी का आरोप है कि दुर्घटना के बाद कंपनी प्रबंधन ने न तो घायल श्रमिक के इलाज का खर्च उठाया और न ही कोई मुआवजा दिया। पार्टी के जिला सचिव सुनील पाटील और जिला परिषद सदस्य शेरू वाघ के नेतृत्व में शनिवार को कंपनी गेट के सामने प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि कंपनी इलाज का पूरा खर्च वहन करे, उचित मुआवजा दे और घटना की जिम्मेदारी स्वीकार करे।
प्रशासनिक हस्तक्षेप और सुनवाई की तारीख तय
प्रदर्शन के दौरान वाडा पुलिस निरीक्षक दत्तात्रेय केंद्रे और कंपनी प्रबंधन के प्रतिनिधियों ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा की। इस मामले में श्रम विभाग ने भी संज्ञान लिया है। पालघर के श्रम उपायुक्त ने मामले की सुनवाई के लिए मंगलवार को कंपनी और पीड़ित कर्मचारी दोनों को तलब किया है। इसके अलावा, पीड़ित की शिकायत के आधार पर संबंधित थाने में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
प्रशासन के आश्वासन और सुनवाई की तारीख तय होने के बाद, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने फिलहाल अपना धरना आंदोलन स्थगित कर दिया है।