---Advertisement---

पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में शुरू हुआ समर कैंप, हजार से ज्यादा बच्चों ने कराया रजिस्ट्रेशन |

---Advertisement---

तृप्ति प्रमाण न्यूज़, पटना। गर्मी की छुट्टियों में बच्चों को खेलों से जोड़ने और उनकी शारीरिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में समर कैंप का शुभारंभ हो गया है। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण द्वारा आयोजित यह विशेष कैंप 8 जून से शुरू हो चुका है और 20 जून तक चलेगा। इस कैंप में सात से चौदह वर्ष आयु वर्ग के बच्चे और बच्चियां हिस्सा ले रहे हैं।

मोबाइल और टीवी से दूर रखने का प्रयास

बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवींद्रन शंकरण ने बताया कि गर्मी की छुट्टियों में बच्चों का ज्यादातर समय मोबाइल और टीवी के सामने बीतता है। इस आदत को बदलने और बच्चों को खेलों की बुनियादी जानकारी देने के लिए इस कैंप का आयोजन किया गया है। कैंप को लेकर बच्चों में काफी उत्साह है, जिसका नतीजा है कि ऑनलाइन और ऑफलाइन मिलाकर एक हजार से ज्यादा बच्चों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। पहले दिन भी काफी संख्या में बच्चों ने प्रशिक्षण में हिस्सा लिया।

दो सत्रों में मिलेगा खेलों का प्रशिक्षण

कैंप का आयोजन प्रतिदिन दो सत्रों में किया जा रहा है। पहला सत्र सुबह छह से आठ बजे तक और दूसरा सत्र शाम छह बजकर तीस मिनट से आठ बजे तक चलेगा। कैंप में बच्चों को बेसिक एक्सरसाइज, स्ट्रेंथ ट्रेनिंग और विभिन्न खेलों की शुरुआती तकनीक सिखाई जाएगी।
ट्रेनिंग के दौरान बच्चों को फुटबॉल की ड्रिब्लिंग, बास्केटबॉल की मूल तकनीक और एडवेंचर स्पोर्ट्स के तहत वॉल क्लाइंबिंग का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा आत्मरक्षा के लिए मार्शल आर्ट्स और ताइक्वांडो की बुनियादी तकनीकों से भी अवगत कराया जाएगा। बच्चों की रुचि बनाए रखने के लिए खेल आधारित क्विज प्रतियोगिताएं और अन्य मनोरंजक गतिविधियां भी शामिल की गई हैं।

मिलेगा प्रमाणपत्र और टी-शर्ट

प्रशिक्षित कोच की निगरानी में होने वाले इस कैंप में भाग लेने वाले सभी बच्चों को टी-शर्ट, रिफ्रेशमेंट और सहभागिता प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा।

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh