कल्याण। राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक तृप्ति प्रमाण।
कल्याण फाटा परिसर स्थित गोठेघर में एक टायर के गोदाम में भीषण आग लगने की घटना सामने आई है। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसमान में काले धुएं के गुब्बार दिखाई देने लगे। अग्निशमन दल की टीम ने लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
मंगलवार दोपहर लगी आग
जानकारी के अनुसार, 9 जून, मंगलवार दोपहर के समय एक जागरूक नागरिक ने फोन करके आग लगने की सूचना दी। कल्याण फाटा स्थित गोठेघर सड़क के किनारे मौजूद टायर के गोदाम और कचरे में अचानक आग भड़क उठी। सूचना मिलते ही शिलफाटा परिसर से दो फायर वाहन और पांच कर्मचारी मौके पर पहुंचे।
आग ने लिया विकराल रूप
अग्निशमन दल के अनुसार, टायर के गोदाम में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। काले धुएं के गुब्बार आसमान में उठने लगे और आगे की सड़क पूरी तरह अंधकार में डूब गई। स्थिति को देखते हुए पनवेल और नवी मुंबई से चार अतिरिक्त फायर वाहन और अधिकारी बुलाए गए।
दो घंटे की मशक्कत के बाद काबू
अग्निशमन दल के अधिकारियों ने बताया कि लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझा दिया गया। हालांकि, टायर और कचरे में लगी आग के कारण कूलिंग करने में काफी समय लगने की संभावना जताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
ट्रैफिक रहा बाधित
आग लगने की घटना के दौरान ट्रैफिक विभाग, टोरेंट पावर और शील डायगर पुलिस स्टेशन की टीम भी मौके पर मौजूद रही। शील डायगर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक बलिराम पॉल अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। ट्रैफिक विभाग और पुलिस ने यातायात को नियंत्रित किया। काफी देर तक ट्रैफिक बाधित रहने के बाद धीरे-धीरे यातायात को बहाल किया गया।
आग लगने के कारणों की जांच जारी
फिलहाल आग किन कारणों से लगी, इसकी जानकारी उपलब्ध नहीं हो पाई है। पुलिस और अग्निशमन दल मामले की जांच कर रहे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने के सटीक कारणों का पता चल सकेगा।