तृप्ति प्रमाण संवाददाता
पटना
राजधानी स्थित संजय गांधी जैविक उद्यान में बर्ड फ्लू संक्रमण की रोकथाम को लेकर प्रशासन सतर्क मुद्रा में है। उद्यान में स्थित पक्षीशाला में विश्व के विभिन्न क्षेत्रों से लाए गए दुर्लभ पक्षियों की सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। बर्ड फ्लू से बचाव हेतु चौबीसों घंटे देखरेख कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है, जिससे पक्षीशाला की प्रत्येक गतिविधि पर सतत निगरानी रखी जा सके।
इस संबंध में जानकारी देते हुए संजय गांधी जैविक उद्यान के निदेशक हेमंत पाटिल ने बताया कि उद्यान में प्रवेश करने वाले सभी दर्शकों के लिए प्रवेश द्वार पर ही पोटैशियम परमैंगनेट घोल से पादुका शोधन की व्यवस्था की गई है। इससे आगंतुकों और पक्षियों दोनों को किसी भी प्रकार के संक्रमण से बचाया जा सके।
पटना जू के रेंज अधिकारी अरविंद वर्मा ने बताया कि प्रतिदिन नियमित रूप से संपूर्ण उद्यान का कर्सोलिन एवं वर्कॉन जैसे कीटाणुनाशक पदार्थों से कीटाणुशोधन किया जा रहा है, ताकि बर्ड फ्लू जैसी बीमारी पक्षियों तक न पहुंच सके। इसके अतिरिक्त पक्षियों के मल से संक्रमण फैलने की आशंका को देखते हुए विशेष सावधानियां बरती जा रही हैं।
ज्ञात हो कि हाल ही में राजगीर जू सफारी से दो मादा शेरनियों को पटना जू लाया गया है, जबकि पटना जू की मादा शेरनी पार्वती को राजगीर जू सफारी, नालंदा स्थानांतरित किया गया है।
Published On: February 22, 2026 8:42 pm
---Advertisement---