‘खामोश आहटें’ की अभिनेत्री ने रियलिटी शो को बताया दर्शकों से जुड़ने का प्रभावी माध्यम
मुंबई। वेब सीरीज ‘खामोश आहटें’ में नजर आ रहीं अभिनेत्री सांव्वी तलवार अपने करियर और लोकप्रियता को लेकर बेबाक राय रखती हैं। अभिनेत्री का कहना है कि एक कलाकार के लिए अपनी पहचान बनाना और दर्शकों के बीच लोकप्रिय होना भी करियर का अहम हिस्सा है। अगर शोहरत किसी अच्छे अवसर के साथ आती है, तो वह उसे हासिल करने से पीछे नहीं हटेंगी।
सांव्वी ने अपनी बात रखते हुए कहा कि वह लोकप्रिय होना चाहती हैं और इसे स्वीकार करने में उन्हें कोई झिझक नहीं है। उनके मुताबिक, एक अभिनेता अपने हुनर को निखारने में वर्षों मेहनत करता है, लेकिन इसके साथ यह इच्छा भी रहती है कि लोग उसे पहचानें, याद रखें और उसके काम को आगे देखना चाहें।
अभिनेत्री के अनुसार, रियलिटी शो कलाकारों को दर्शकों के साथ सीधे जुड़ने और अपनी अलग पहचान बनाने का अवसर देते हैं। हालांकि, उनके लिए लोकप्रियता केवल रातों-रात मिलने वाली प्रसिद्धि या आर्थिक लाभ तक सीमित नहीं है। वह चाहती हैं कि दर्शक उन्हें उनके व्यक्तित्व, सोच और काम के लिए पहचानें।
सांव्वी ने कहा कि किसी रियलिटी शो से बाहर निकलने के बाद उनकी कोशिश होगी कि दर्शक उन्हें सिर्फ एक प्रतियोगी के तौर पर नहीं, बल्कि एक कलाकार और व्यक्तित्व के रूप में जानें और भविष्य में भी उन्हें स्क्रीन पर देखना चाहें। उनका मानना है कि यदि किसी अच्छे अवसर के साथ पहचान और शोहरत मिलती है, तो वह निश्चित रूप से उस मौके को स्वीकार करेंगी।
‘खतरों के खिलाड़ी’ और ‘द ट्रेटर्स’ पसंद
जब सांव्वी से उनके पसंदीदा रियलिटी शो के बारे में पूछा गया तो उन्होंने ‘खतरों के खिलाड़ी’ और ‘द ट्रेटर्स’ का नाम लिया। अभिनेत्री ने बताया कि दोनों शो उन्हें अलग-अलग कारणों से आकर्षित करते हैं।
‘खतरों के खिलाड़ी’ को लेकर सांव्वी ने कहा कि उन्हें रोमांच पसंद है और वह खुद को अपनी सीमाओं से बाहर जाकर चुनौती देना पसंद करती हैं। मुश्किल टास्क, एडवेंचर और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में खुद को परखने का अनुभव उन्हें उत्साहित करता है।
वहीं ‘द ट्रेटर्स’ उन्हें रणनीति और दिमागी खेल के कारण पसंद है। सांव्वी के मुताबिक, उन्हें लोगों के व्यवहार को समझना, उन्हें ऑब्जर्व करना और परिस्थितियों के पीछे छिपी रणनीति को पहचानने में दिलचस्पी है। इसलिए उन्हें लगता है कि इस तरह का रियलिटी फॉर्मेट उनके व्यक्तित्व के दूसरे पहलू को सामने लाने का मौका देगा।
सांव्वी तलवार के बयानों से साफ है कि वह मनोरंजन जगत में अपनी पहचान को और मजबूत करने के साथ-साथ ऐसे अवसरों की तलाश में हैं, जहां उन्हें दर्शकों के साथ सीधे जुड़ने और अपने व्यक्तित्व के अलग-अलग पहलुओं को सामने रखने का मौका मिले।
रिपोर्ट : साहिल यादव
राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक ‘तृप्ति प्रमाण’




