---Advertisement---

वसई-विरार में ‘सहयोग दिव्यांग सोशल फाउंडेशन’ की स्थापना, दिव्यांग बच्चों को मिलेगी मुफ्त शिक्षा |

---Advertisement---

वसई-विरार (तृप्ति प्रमाण)। विशेष आवश्यकताओं वाले बच्चों के सर्वांगीण विकास, शिक्षा और समाज में उन्हें सम्मानजनक स्थान दिलाने के उद्देश्य से वसई-विरार में 7 जून को ‘सहयोग दिव्यांग सोशल फाउंडेशन’ की स्थापना की गई। संस्था के उद्घाटन समारोह में वसई-विरार महानगरपालिका के प्रथम महापौर राजीव पाटील मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

महापौर ने जताया संस्था के प्रति विश्वास

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर राजीव पाटील ने कहा कि दिव्यांग बच्चों में अपार प्रतिभा होती है। आवश्यकता केवल उन्हें सही मंच और सहयोग देने की है। उन्होंने कहा कि सहयोग दिव्यांग सोशल फाउंडेशन इस दिशा में महत्वपूर्ण कार्य करेगा और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करेगा।

डॉ. सुशांत पवार की बड़ी घोषणा

इस सामाजिक पहल को सफल बनाने में आदर्श एज्युकेशन संस्था के कपोल स्कूल एवं कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुशांत पवार का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के दौरान डॉ. पवार ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि संस्था से जुड़े सभी दिव्यांग बच्चों को पूर्णतः निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जाएगी। इस घोषणा से वहां मौजूद अभिभावकों में खुशी की लहर दौड़ गई।

संस्थापकों का अथक प्रयास

संस्था की अध्यक्षा आरती कांगणे और माया मोहिते के निरंतर प्रयासों से इस सामाजिक अभियान की शुरुआत हुई है। दोनों ने दिव्यांग बच्चों के सशक्तिकरण और उनके विकास के लिए लगातार कार्य करने का संकल्प लिया है।

गणमान्य अतिथियों की रही उपस्थिति

इस अवसर पर स्वास्थ्य सभापति निलेश देशमुख, नगरसेविका प्रार्थना मोंडे, नगरसेविका काजल गोपाले, नितीन गोपाले तथा श्रीनिवास नायडू सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में नागरिकों, समाजसेवकों और दिव्यांग बच्चों के अभिभावकों ने संस्था की स्थापना का स्वागत किया और इसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh